कुरुक्षेत्र। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) में शुक्रवार की देर रात आत्महत्या का प्रयास करने वाली बीटेक सीएस के प्रथम वर्ष की छात्रा को प्रशासन ने शनिवार देर रात छात्रावास में शोर मचाने के बाद रविवार सुबह हवाई मार्ग से परिजनों के पास पुणे भेज दिया। वहां सकुशल पहुंचने की सूचना मिलने के बाद एनआईटी प्रशासन ने राहत की सांस ली है।
एनआईटी प्रशासन ने परिजनों को यहां बुलाया था परंतु उन्होंने तुरंत पहुंचने में असमर्थता दिखाई। उन्होंने प्रशासन से बेटी को दिल्ली एयरपोर्ट तक पहुंचाने की अपील की। परिजनों की अनुमति मिलने के बाद एनआईटी प्रशासन ने दो कर्मचारियों के साथ छात्रा को दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचाया। जानकारी के अनुसार छात्रा ने शनिवार देर रात दोबारा छात्रावास में शोर मचाया था इसके बाद पुलिस को बुलाना पड़ा था। चिकित्सकों ने उसे उसे दवाइयां भी दी थीं।
एनआईटी प्रवक्ता डॉ. ज्ञान भूषण के अनुसार महाराष्ट्र की रहने वाली प्रथम वर्ष की बीटेक छात्रा परेशान थी। दो दिन पहले उसने हॉस्टल की पांचवीं मंजिल से कूदने का प्रयास किया, जिसे सहपाठियों ने रोका। इसके बाद उसे काउंसलिंग दी गई और स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया था।