एनआईटी कुरुक्षेत्र के छात्रावास नंबर 8 के कमरा नंबर 352 में आधी रात को प्रियांशु नामक छात्र ने पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। एनआईटी प्रशासन में इस घटना से खलबली मची हुई है। करीब 22 वर्षीय सिविल इंजीनियरिंग के छात्र ने यह कदम क्यों उठाया इस संबंध में संस्थान का कोई भी अधिकारी कुछ भी कहने को तैयार नहीं है।
2 अप्रैल को ही एक और छात्र ने संस्थान के इसी छात्रावास में फंदा लगा लिया था। यह छात्र पवन कुमार नूंह का रहने वाला था। अभी इस मामले की जांच पूरी हो भी नहीं पाई कि नई घटना सामने आ गई है। पुलिस की टीम रात को ही हॉस्टल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल के मोर्चरी हाउस में रखवाया।
वहीं, मृतक छात्र के परिजनों को सूचित कर दिया गया। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय थर्ड ग्रेड पुलिस चौकी इंचार्ज विनोद कुमार का कहना है कि फिलहाल छात्र से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है और उसने यह कदम क्यों उठाया यह जांच का विषय है। जानकारी के अनुसार, छात्र सिरसा के शेरपुरा का रहने वाला है जो बीटेक की पढ़ाई कर रहा था।