कुरुक्षेत्र / इस्माईलाबाद। प्रचंड गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए है, जिसके चलते अब भीषण गर्मी व लू का असर देखने को मिल रहा है। सुबह से ही गर्मी का असर देखने को मिल रहा है, जबकि दोपहर को पारा 44 डिग्री तक पहुंच रहा है, जिससे गर्मी और ज्यादा बढ़ रही हैं। लू से बचने के लिए लोग घरों में दुबकने को मजबूर है और बाजारों में भी रौनक कम हो रही हैं और सन्नाटा पसरा रहने लगा है। साथ ही दुकानदारों की आमदनी पर भी भीषण गर्मी व लू का असर देखने को मिल रहा है, बाजारों में ग्राहक न होने के कारण उनकी आमदनी भी अब कम हो रही हैं।
भीषण गर्मी व लू से राहत पाने के लिए युवा भी पवित्र ब्रह्मसरोवर तट पर स्नान करते देखे जा सकते हैं। हालांकि भीषण गर्मी व लू का असर अब दुधारू पशुओं में भी देखने को मिल रहा है। गर्मी के प्रकोप के चलते दुधारू पशुओं ने दूध भी कम देना शुरू कर दिया है। सोमवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि मंगलवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28 डिग्री ही रहने की संभावना जताई जा रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार अभी अगले कुछ दिनों तक पारा बढ़ने से भीषण गर्मी और लू का असर बना रहेगा। वहीं गर्मी के कारण एलएनजेपी अस्पताल में ओपीडी बढ़ने लगी है। पहले जहां अस्पताल में 750 के करीब ओपीडी थी, उसमें अब 10 से 20 फीसदी इजाफा हुआ है। अधिकतर बुखार, उल्टी, दस्त, त्वचा रोग, डिहाइड्रेशन और सिर दर्द के मरीज पहुंच रहे हैं। शरीर में पानी की ज्यादा कमी होने से बेहोशी और दौरा भी पड़ सकता है। पहले पहल पानी की कमी से शरीर पर घमोरियां और खुजली होती है।
पशु चिकित्सक विशाल सिंधवानी ने बताया कि गर्मी के प्रकोप से पशुओं को बचाने के लिए लू चलने पर पशुओं को बाहर न निकाले। साथ ही पशुओं को दिन में दो से तीन बार ठंडे पानी से स्नान कराते रहे और पानी भी पर्याप्त मात्रा में पिलाते रहे। बीमार होने पर पशुओं के डॉक्टर से परामर्श करें।