कुरुक्षेत्र में पटवार नहर संगठन की ओर से सभी नहर पटवारियों ने कलम छोड़ हड़ताल की। इस दौरान कर्मचारियों का नेतृत्व नहर पटवारी मंडल अध्यक्ष गुरदीप सिंह ने किया।
गुरदीप ने बताया कि केंद्रीय कमेटी नहर पटवार संगठन हरियाणा एवं दिल्ली के आह्वान पर यह हड़ताल 28 फरवरी तक की जाएगी।
उन्होंने बताया कि संगठन की मांग है कि नहरी पटवारियों का वेतनमान राजस्व पटवारियों के समान चला आ रहा था, लेकिन छटा वेतन आयोग में हरियाणा सरकार द्वारा राजस्व पटवारियों का वेतनमान 2400 व नहरी पटवारियों का पे-ग्रेड 1900 कर दिया गया, जोकि नहरी पटवारियों के साथ अन्याय है।
उन्होंने कहा कि इस बारे में सिंचाई मंत्री ने सिफारिश करके वेतन विसंगति निर्धारण कमेटी में भेजा गया था, जिसके बाद वेतन विसंगति निर्धारण कमेटी में इस केस की सुनवाई हुई, लेकिन आज तक भी नहरी पटवारियों को 2400 पे-ग्रेड नहीं दिया गया है।
संगठन की दूसरी मांग है नहरी पटवारियों को पटवार खाना भत्ता 10 से बढ़ाकर 500 रु किया जाए, तीसरी मांग डीसी रेट पर लगे पटवारियों को नियमित किया जाए व रिक्त पदों को जल्द भरा जाए। इस मौके पर संगठन महासचिव सर्किल अंबाला प्रेम सिंह, केंद्रीय कमेटी हरियाणा सहसचिव हरिभगवान, कुरुक्षेत्र शहरी मंडल सचिव मानसिंह, पटवारी श्रवण सिंह आदि मौजूद थे।