कुरुक्षेत्र। जिले में लगातार बढ़ रहीं छीना-झपटी की वारदातों से लोग खौफजदा हैं। बाइक सवार बदमाश सरेराह गलियों, सड़कों, हाईवे व घर के सामने से ही लोगों को निशाना बना रहे हैं। लोगों का कहना है कि चीता राइडर्स, पुलिस पेट्रोलिंग टीम व डायल 112 गाड़ी बेअसर साबित हो रहे हैं।
औसतन हर तीसरे दिन जिले में छीना-झपटी की वारदात हो रही है। जिले की सड़कों पर अपराध रोकने के लिए 25 चीता राइडर्स, 23 डायल 112 गाड़ी सहित पुलिस पेट्रोलिंग की टीम तैनात हैं लेकिन पिछले 15 दिनों में बदमाश मारपीट करके छीना-झपटी की पांच से ज्यादा वारदात कर चुके हैं।
दूसरी ओर नेशनल हाईवे हिसार-चंडीगढ़ सहित निर्माणाधीन नारनौल-महेंद्रगढ़ हाईवे पर भी छीना झपटी व चोरी के हो रहे हैं। बढ़ते अपराध पर डीएसपी अपराध नरेंद्र सिंह ने बताया कि सीआईए-1,2 सहित उनके अंतर्गत आने वाले थानों की अलग-अलग टीम गठित की गई है।
इसके अलावा पुलिस कर्मी सिविल ड्रेस में भी निगरानी रख रहे हैं। वहीं जेल से रिहा या जमानत पर आए आरोपियों पर नजर रखने के साथ-साथ पुलिस पूछताछ भी करती है। आरोपी अधिकतर बिना नंबर प्लेट बाइक का इस्तेमाल करते है। पुलिस कई केस को ट्रेस भी चुकी है।
सरकारी अस्पताल के सामने से छीन ले गए मोबाइल
थाना लाडवा में दर्ज शिकायत में सुखविंद्र वासी धनोरा जाटान ने कहा कि 11 अगस्त सुबह करीब साढ़े 10 बजे वह सरकारी अस्पताल लाडवा के सामने बेंच पर बैठकर मोबाइल पर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक उसका मोबाइल छीनकर फरार हो गए। उसने भागकर उनका पीछा भी किया, लेकिन वह बाइक को तेज गति से चलाते हुए भाग गए।
पति के साथ जा महिला से छीना मोबाइल व पर्स
सिटी थाना थानेसर में दर्ज शिकायत में महिला नीरज वासी मोहन नगर ने कहा कि 10 अगस्त की रात करीब 11 वह पति जगपाल के साथ चर्च में पुल के नीचे भाई से मिलने जा रही थी। उसने मोबाइल व पर्स दोनों एक ही हाथ में पकड़े हुए थे। इसी दौरान पीछे से आया बाइक सवार हाथ से पर्स व मोबाइल छीनकर फरार हो गया। पर्स में करीब पांच हजार रुपये थे।
मारपीट करके महिला टीचर से छीने 20 हजार व मोबाइल
थाना सदर थानेसर में दर्ज शिकायत में पूजा पत्नी सतबीर निवासी ज्योति नगर ने कहा कि वह निजी स्कूल में अध्यापक है। 10 अगस्त दोपहर करीब डेढ़ बजे वह अपने घर जा रही थी। जैसे ही वह पुलिस चौकी सेक्टर-5 से आगे वाली गली में पहुंची तभी पीछे से आए स्कूटी सवार ने अचानक उस पर हमला कर दिया। आरोपी ने मारपीट करके पर्स छीनकर फरार हो गया। पर्स में मोबाइल, 15-20 हजार रुपये व अन्य कीमती सामान था।
निर्माणाधीन नेशनल हाईवे से चोरी
गुरमुख सिंह ने इस्माइलाबाद थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि इस्माइलाबाद नारनौल 152 डी एक्सप्रेस वे निर्माणाधीन है। इस पर हाई मास्क लाइट लगी हुई हैं। 6 अगस्त सवेरे के समय दो लाइटें गायब मिली। इन्हें पाइप नीचे मोड़कर उतारा गया है। इसके साथ ही चोर 21 क्रेश बैरियर ब्रैकेट चोरी कर ले गए।
रास्ता पूछने के बहाने बाइक रुकवाया छीना झपटी
थाना झांसा में दर्ज शिकायत में बलवंत सिंह वासी अजरानी कलां ने 5 अगस्त को कहा कि वह अपनी बाइक पर किसी काम से गांव से हिंगाखेडी की तरफ जा रहा था कि बीच रास्ते में एक बाइक सवार तीन युवकों ने शाहाबाद जाने का रास्ता पूछने के बहाने उसकी बाइक को रुकवा लिया था। जैसे ही उसने बाइक को रोका बदमाश उससे मोबाइल, दो हजार रुपये सहित अन्य सामान छीनकर फरार हो गए थे।
3 अगस्त को गैस एजेंसी कर्मियों से चाकू की नोक पर लूट
सोमनाथ वासी धनीरामपुरा ने थाना इस्माइलाबाद में दर्ज शिकायत में बताया कि वह अपने साथी साहब सिंह के साथ गैस सिलिंडर की सप्लाई देकर वापस ठोल आ रहे थे। करीब ढाई बजे जैसे ही वह थडोली मोड के पास पहुंचे तो अचानक 10-12 युवक झाड़ियों से बाहर आए, जिसमें चार युवक ट्रैक्टर पर चढ़ गए थे। अन्य ने ट्रैक्टर को घेर लिया तथा ट्रैक्टर पर चढ़े एक युवक ने चाकू की नोक पर उनसे 23680 रुपये छीनकर फरार हो गए थे।