पानीपत। सरकारी कार्यालयों में ड्यूटी के समय कार्यालय से नदारद रहने और निर्धारित समय पर उपस्थित नहीं होने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन ने बेहद कड़ा रुख अपना लिया है। सरकारी कार्यालय में सक्षम अधिकारी की मंजूरी के बाद ही छुट्टी मान्य होगी। वहीं बिना स्वीकृत अवकाश के अनुपस्थित अधिकारी व कर्मचारी पर कार्रवाई की जाएगी। उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने वीरवार को जिला सचिवालय के सभागार में सभी विभागों के विभागाध्यक्षों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर इसके स्पष्ट निर्देश दिए। उपायुक्त ने बुधवार को औचक निरीक्षण की रिपोर्ट रखी। उन्होंने लेटलतीफी बंद करने और इस तरह दोबारा मिलने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को कार्यालय पहुंचते ही सबसे पहले अपनी हाजिरी दर्ज करनी होगी और उपस्थिति रजिस्टर में हस्ताक्षर अनिवार्य होंगे। किसी भी कर्मचारी का अवकाश तभी मान्य होगा जब उसकी छुट्टी सक्षम अधिकारी द्वारा स्वीकृत की गई हो। बिना स्वीकृत अवकाश के अनुपस्थित रहने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जो अधिकारी या कर्मचारी सुबह 11 बजे कार्यालय पहुंचते हैं, उनके खिलाफ ठोस विभागीय कार्रवाई तय है।
स्वच्छता और रिकॉर्ड निस्तारण के निर्देश
उपायुक्त ने कार्यालयों की साफ-सफाई पर विशेष बल देते हुए कहा कि सरकारी परिसरों में स्वच्छ और व्यवस्थित माहौल होना चाहिए। जिला सचिवालय के प्रत्येक फ्लोर पर एक-एक अधिकारी की ड्यूटी लगाई गई है जो साफ-सफाई की निगरानी करेगा। अब हर सप्ताह औचक निरीक्षण किए जाएंगे और गंदगी मिलने पर विभागाध्यक्ष की जवाबदेही तय होगी। इसके अलावा लंबे समय से पड़े पुराने रिकॉर्ड को एसओपी के तहत निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। ब्यूरो