रेहड़ी लगाकर अपने परिवार का पालन पोषण कर रहे एक व्यक्ति को पुलिस कर्मियों की सेवा पानी न करना उस समय भारी पड़ गया जब पुलिस कर्मियों ने न केवल उसका सामान सड़क पर फेंक दिया बल्कि उसके साथ मारपीट भी की। पीड़ित रेहड़ी चालक ने इस मामले लेकर पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए सीएम विंडो सहित पुलिस के आला अधिकारियों को भी शिकायत दी है। पीड़ित रेहडी चालक यशपाल ने आरोप लगाते हुए बताया कि रविवार देर शाम को एक पीसीआर उसकी रेहड़ी के पास रुकी और उसमें से दो पुलिसकर्मी उतरे और मारपीट करने लगे। इस दौरान उसका सामान भी सड़क पर फेंक दिया। उन्होंने आरोप लगाए कि ये पुलिसकर्मी कुछ दिन पहले भी उनके पास आए थे और सेवा पानी करने की मांग की थी। जब इनकी सेवा पानी नहीं की तो रात के समय दोनो पुलिसकर्मी उसके साथ मारपीट करने लगे। आरोपी पुलिस कर्मियों ने उसे धमकी दी भी दी कि जो उनकी सेवा पानी नहीं करता है उसके साथ वे इसी प्रकार से कार्रवाई करते है । पीड़ित ने यह भी अरोप लगाया कि जब वे इसकी शिकायत चौकी प्रभारी के पास लेकर गए तो उन्होनें कार्रवाई करने की बजाए फैंसला करने की बात कह कर उसे वहां से भेज दिया। जिसके बाद ही वह सीएम विंडो व आलाअधिकारियों को शिकायत देने के लिए मजबूर हुआ।
शिकायत आने पर जांच की जाएगी: एसएचओ
सीटी थाना के पुलिस अधिकारी सब इस्पेक्टर तरसेम ने बताया कि उनकी जानकारी में ऐसा मामला नहीं आया है। यदि कोई ऐसा मामला है तो वे जांच करने के बाद की कुछ कह सकते है।