संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) करनाल यूनिट ने नेशनल हाईवे-44 पर झिरबड़ी गांव के निकट कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान पानीपत जिला के उरलाना कलां गांव के रहने वाले रामदिया उर्फ पुच्ची के रूप में हुई है। उसके पास से 0.32 बोर की देसी पिस्टल और मैगजीन में भरे चार कारतूस बरामद हुए।
एसटीएफ के पीएसआई बलवान सिंह ने बताया कि उनकी टीम जीटी रोड की सर्विस लेन पर जिरबड़ी गांव के पास गश्त कर रही थी। इस दौरान उन्हें सूचना मिली कि रामदिया अवैध हथियार लेकर उमरी टी-पॉइंट के पास घूम रहा है और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना पर टीम ने उमरी पहुंचकर घेराबंदी की।
भूरे रंग का ट्रैक सूट पहने आरोपी ने पुलिस को देखते ही भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने उसे दबोच लिया। तलाशी में उसकी पैंट की जेब से पिस्टल और कारतूस बरामद हुए। आरोपी के पास हथियार का कोई लाइसेंस नहीं था। थाना सदर थानेसर में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।बलवान सिंह ने बताया कि आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है और पूछताछ में उसके संभावित साथियों व वारदात के मंसूबों का पता लगाया जा रहा है।