कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी सीनियर सेकेंडरी मॉडल स्कूल में शनिवार को राज्य स्तरीय सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर का शुभारंभ हुआ। सरकार के उच्च शिक्षा विभाग के सहयोग से आयोजित इस शिविर में प्रदेश के विभिन्न जिलों से करीब 200 स्वयंसेवक भाग ले रहे हैं। शिविर का उद्घाटन भारत विकास परिषद की मैत्रेयी शाखा की अध्यक्ष डॉ. ममता सचदेवा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं में सेवा, अनुशासन, नेतृत्व और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। एनएसएस केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की कार्यशाला है, जो युवाओं को समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदार बनाती है।
उन्होंने स्वयंसेवकों से स्वामी विवेकानंद के विचारों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। शिविर में जींद, कैथल, भिवानी और कुरुक्षेत्र सहित विभिन्न जिलों के विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। सात दिनों तक चलने वाले इस शिविर में व्यक्तित्व विकास, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, स्वास्थ्य जागरूकता और राष्ट्र सेवा से संबंधित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. सुखविंद्र सिंह ने कहा कि ऐसे शिविर विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और सामाजिक संवेदनशीलता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जिला एनएसएस समन्वयक डॉ. गिरधारी लाल शर्मा ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए शिविर के उद्देश्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। शिविर के पहले दिन स्वयंसेवकों ने समाज सेवा और राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में शिक्षक, एनएसएस अधिकारी और बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे।