लाडवा। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि यूनिवर्सिटी हिसार के विस्तार शिक्षा निदेशक डाॅ. रमेश कुमार यादव ने कहा कि प्रदेश में पहली बार सबसे बड़ा दो दिवसीय प्रदेश स्तरीय किसान कृषि विकास मेला 28 फरवरी से लाडवा अनाज मंडी में लगाया जाएगा। मेले में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, कृषि व किसान कल्याण विभाग मंत्री श्याम सिंह राणा भी शामिल होंगे।
अध्यक्षता चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. बलदेव राज कांबोज करेंगे। निदेशक डाॅ. रमेश कुमार यादव बुधवार को लाडवा अनाज मंडी में कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे थे।
इस दौरान उनके साथ तहसीलदार नवम धानिया, मार्केट कमेटी सचिव संत कुमार, सहायक निदेशक डॉ. कृष्ण यादव और वीसी के सचिव कपिल अरोड़ा भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि एचएयू की ओर से पहली बार इतने बड़े मेले का आयोजन किया जाएगा।
मेले का विषय जल संरक्षण दिया गया है। उत्तरी हरियाणा के कुरुक्षेत्र, कैथल, अंबाला, करनाल, यमुनानगर, पंचकूला सहित आसपास के जिलों के किसानों के लिए मेले लगेगा।
किसानों को आधुनिक तकनीक से अवगत कराया जाएगा। एचएयू के पास लंबे समय से उत्तरी हरियाणा में मेले का आयोजन किए जाने की मांग चली आ रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आदेश पर मेले का लाडवा में आयोजन किया जा रहा है।
दो दिवसीय मेला एक मार्च तक चलेगा। मेले में पोषण, स्वास्थ्य और तकनीक की जानकारी दी जाएगी। किसानों के खेतों की मिट्टी, पानी की जांच की जाएगी। फसल प्रतियोगिता का आयोजन भी होगा।
सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रश्नोत्तरी सत्र में किसान वैज्ञानिक संवाद, तकनीकों, योजनाओं और आविष्कारों पर भव्य प्रदर्शनी का आयोजन होगा। प्रदर्शनी में 150 से ज्यादा स्टॉलों को शामिल किया जाएगा। सभी तकनीकों का किसानों को अपनी कृषि कार्य करने में काफी लाभ होगा।
लाडवा। अनाजमंडी का निरीक्षण करते तहसीलदार नवम धानिया और डा रमेश यादव। संवाद