कुरुक्षेत्र। जिले में खेल प्रतिभाओं को नई दिशा देने के उद्देश्य से खेल विभाग द्वारा आगामी सत्र 2026-27 में सरकारी, निजी शिक्षण संस्थानों तथा ग्राम पंचायतों में खेल नर्सरियां संचालित की जाएंगी।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने बताया कि योजना का मुख्य लक्ष्य ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के प्रतिभाशाली बच्चों को प्रारंभिक स्तर पर पहचान कर उन्हें व्यवस्थित और उच्च स्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है।
आठ से 14 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों को 1500 रुपये प्रतिमाह तथा 15 से 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों को 2000 रुपये प्रतिमाह की प्रोत्साहन राशि सीधे बैंक खाते में दी जाएगी। प्रशिक्षकों को भी उनकी योग्यता के अनुसार मानदेय मिलेगा। एनआईएस डिप्लोमा धारकों को 25,000 रुपये तथा सिक्स वीक सर्टिफिकेट कोर्स, बीपीएड., एमपीएड. अथवा नेशनल लेवल खिलाड़ी को 20,000 रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे।
खेल नर्सरियों में आर्चरी, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बॉक्सिंग, हॉकी, कबड्डी, क्रिकेट, योग, ताइक्वांडो, वॉलीबॉल सहित अनेक खेल शामिल हैं। चयनित खिलाड़ियों को अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे वे राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेकर पदक और छात्रवृत्ति प्राप्त कर सकें। सफल संचालन पर नर्सरी को मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित भी किया जाएगा।