कुरुक्षेत्र। खेल महाकुंभ के दूसरे चरण की शुरुआत बुधवार से हो रही है और जिले में साइकिलिंग के ट्रैक और रोड इवेंट्स का रोमांच देखने को मिलेगा।
साइकिलिंग कोच पंजाब सिंह ने बताया कि ट्रैक इवेंट आज और 26 सितंबर को सुनील कुमार ग्रामीण स्टेडियम अमीन में आयोजित होंगे। वहीं रोड इवेंट का आयोजन थर्ड गेट से ज्योतिसर तक के मार्ग पर होगा। इन प्रतियोगिताओं में हर जिले से 16-16 लड़के और लड़कियां भाग लेंगी। इसमें करीब 300 खिलाड़ी अपनी साइकिलिंग प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
साइकिलिंग प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों में खासा उत्साह है। खिलाड़ियों ने लगातार अभ्यास कर अपनी तैयारी पूरी कर ली है। जिले में आयोजित यह इवेंट खास आकर्षण का केंद्र रहेगा क्योंकि रोड और ट्रैक दोनों ही प्रतियोगिताओं का अनुभव खिलाड़ियों और दर्शकों को मिलेगा। जिले के खेल प्रेमियों के लिए यह अवसर बेहद खास होगा।
खेल महाकुंभ में कुरुक्षेत्र के अलावा प्रदेशभर के खिलाड़ी प्रतिभा दिखाएंगे। साइकिलिंग के अलावा जिले के खिलाड़ी हॉकी, जूडो, कराटे, वॉलीबॉल, कबड्डी, कुश्ती और क्रिकेट सहित 15 खेलों में दमखम दिखाएंगे। जिले से हॉकी में 18, जूडो में 14, कराटे में 35, वॉलीबॉल में 24, कबड्डी में 25, रेसलिंग में 30 और क्रिकेट में 34 खिलाड़ी भाग लेंगे।
जिला खेल अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि आयोजन के लिए पूरी तैयारियां कर ली गई हैं। खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया गया है और उनसे खेल भावना के साथ खेलने का संदेश दिया गया है। खेल महाकुंभ के जरिये जिले के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा साबित करने का सुनहरा मौका मिलेगा।
कुरुक्षेत्र। सुनील कुमार ग्रामीण स्टेडियम अमीन में की गई तैयारी। संवाद