कुरुक्षेत्र। एथलेटिक्स लीग के लिए अभ्यास करती खिलाड़ी। स्वयं
कुरुक्षेत्र। श्री जय राम शिक्षण संस्थान लोहार माजरा में 14 नवंबर को खेलो इंडिया अस्मिता एथलेटिक लीग प्रतियोगिता का शुभारंभ होने जा रहा है। इस लीग का आयोजन जिला एथलेटिक्स संघ कुरुक्षेत्र की ओर से किया जा रहा है, जो एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय और भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के संयुक्त प्रयासों से देशभर में आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता के लिए संस्थान परिसर में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मैदानों की मार्किंग, खिलाड़ियों के लिए वार्म-अप जोन और दर्शकों के बैठने की विशेष व्यवस्था की गई है।
प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं की खेलों में भागीदारी बढ़ाना और उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के अवसर प्रदान करना है। जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव मनी कुमार ने बताया कि यह प्रतियोगिता विशेष रूप से अंडर-14 और अंडर-16 आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में भाग लेने वाली खिलाड़ियों से किसी भी प्रकार की एंट्री फीस नहीं ली जाएगी। इस पहल से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाशाली बालिकाओं को अपनी क्षमता दिखाने और आगे बढ़ने का सुनहरा अवसर मिलेगा। एथलेटिक्स कोच अंजू कुमारी ने बताया कि प्रतियोगिता में दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद और गोला फेंक जैसी विधाओं में मुकाबले होंगे।
प्रतिभाओं को पहचानकर भारत की एथलेटिक्स टीम तक पहुंचाने का है उद्देश्य
जिला एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष हरपाल सिंह ने बताया कि विजेता खिलाड़ियों को मेडल और सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन खेलो इंडिया स्कीम और साई ट्रेनिंग कैंप के लिए किया जाएगा, जहां उन्हें राष्ट्रीय स्तर के अनुभवी कोचों से प्रशिक्षण प्राप्त करने का मौका मिलेगा। हमारा उद्देश्य सिर्फ प्रतियोगिता कराना नहीं बल्कि जिले की नई प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें भारत की एथलेटिक्स टीम तक पहुंचाने का है।