कुरुक्षेत्र। हरियाणा राज्य खेल उत्सव के तहत आयोजित साइकिलिंग प्रतियोगिता के तीसरे दिन रोड साइकिलिंग के रोमांचक मुकाबले शाहाबाद से इस्माईलाबाद रोड पर करवाए गए। यह आयोजन 13 वर्षों बाद हुआ, जिससे खिलाड़ियों में गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है।
हरियाणा राज्य साइकिलिंग संघ के महासचिव नीरज तंवर ने कहा कि इस आयोजन से प्रदेश के हजारों खिलाड़ियों को फिर से एकजुट होकर खेलने का अवसर मिला है। महिला वर्ग के 30 किलोमीटर इंडिविजुअल टाइम ट्रायल मुकाबले में झज्जर की पारुल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 40 मिनट 31.395 सेकंड का समय लेकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। कुरुक्षेत्र की हिमांशी ने 40 मिनट 41.711 सेकंड का समय लेकर रजत पदक जीता, जबकि फतेहाबाद की शोभा ने 41 मिनट 48.453 सेकंड का समय लेकर कांस्य पदक हासिल किया।
पुरुषों के 40 किलोमीटर इंडिविजुअल टाइम ट्रायल में फतेहाबाद के रमन ने 52 मिनट 04.606 सेकंड का समय लेकर स्वर्ण पदक जीता। करनाल के गौतम ने 52 मिनट 13.500 सेकंड के साथ रजत और भिवानी के मनजीत ने 53 मिनट 20.410 सेकंड का समय लेकर कांस्य पदक प्राप्त किया। इस मौके पर हरियाणा राज्य साइक्लिंग संघ के सहसचिव जगदीश असीजा, कंपटीशन डायरेक्टर प्रवीण कुमार, साई कोच कुलदीप सिंह, निर्मल सिंह, जसविंदर सिंह भुल्लर, समीर यादव, संजय कुमार, देवेंद्र सिंह, विकास कश्यप, सुनील कुमार, हैप्पी असीजा, ओंकार सिंह, पंजाब सिंह सहित अन्य कोच, सदस्य व खेल प्रेमी मौजूद रहे।