कुरुक्षेत्र। जिले में यातायात व्यवस्था को सुचारू व सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल ने यातायात पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ बैठक कर समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक में एसपी ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन को सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने को पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। उन्होंने ओवरस्पीडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने, बिना नंबर प्लेट के वाहन, बुलेट मोटरसाइकिल से पटाखे जैसी आवाज करने वालों, अवैध पार्किंग, गलत दिशा में ड्राइविंग और नाबालिग चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
एसपी ने स्कूलों, बाजारों एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में नियमित चेकिंग अभियान चलाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि चालान का उद्देश्य डर पैदा करना नहीं, बल्कि नियमों की पालना सुनिश्चित कर दुर्घटनाओं से बचाव है। यातायात कंट्रोल रूम में लगे कैमरों से नियम उल्लंघन पर निगरानी रखने और अपराध नियंत्रण में सहायता लेने के भी निर्देश दिए गए। एसपी ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की और निरंतर अभियान जारी रखने का आश्वासन दिया।
उल्लेखनीय कर्मचारियों को किया सम्मानित
बैठक में यातायात प्रबंधन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले उप निरीक्षक धीर सिंह और होमगार्ड जवान राजकुमार, सुरेंद्र सिंह, मदन लाल व राकेश कुमार को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया। एसपी ने कहा कि भविष्य में भी बेहतरीन प्रदर्शन करने वालों को पुरस्कृत किया जाएगा।