कुरुक्षेत्र। आमजन को साइबर ठगी से बचने के लिए प्रशासन की ओर से विशेष एडवाइजरी जारी की गई। पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल ने कहा कि आधुनिकता के इस युग में साइबर अपराधी दिन प्रतिदिन ठगी करने के नए-नए तरीके इस्तेमाल करते हैं।
खतरनाक वायरसों के जरिए आमजन के बैंक खातों पर हमला कर रहे हैं। ऐसे मामलों में साइबर अपराधी आपके पास एक संदिग्ध लिंक भेजते हैं, जैसे ही आप संदिग्ध लिंक पर क्लिक करते हैं तो एसएमएस के जरिए खतरनाक वायरस आपके मोबाइल, लैपटॉप या कंप्यूटर में प्रवेश कर जाता है।
लोगों को सतर्क करते हुए उन्होंने कहा कि व्हाट्सएप, मेल या किसी अन्य सोशल साइट पर आए किसी भी अनजान लिंक को क्लिक न करें। क्योंकि सावधानी व सतर्कता ही साइबर ठगी से बचने का बेहतर उपाय है। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि इस तरह के फर्जी लिंक से सावधान रहें और अपनी निजी जानकारी किसी अन्य व्यक्ति के साथ साझा न करें, क्योंकि ऐसा करने से आप साइबर धोखाधड़ी के शिकार हो जाते हैं। संवाद