कुरुक्षेत्र। शहर निवासी एक महिला ने अपने दामाद पर एफडी तुड़वाकर 29 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। दामाद ने सास की एफडी और खाते में अपना मोबाइल नंबर व ईमेल दर्ज करवाया हुआ था। इसका फायदा उठाकर उसने खाते से रुपये निकाल लिए । महिला का पति 2019 से अमेरिका में रहता हैं। महिला के मुताबिक उसकी बड़ी बेटी व उसका पति आरोपी मनजोत सिंह उनके पास रहते हैं। पुलिस ने महिला की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है
शहर की रहने वाली कुलवंत कौर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अनपढ़ है और सिर्फ हस्ताक्षर करना जानती है। उसकी सिर्फ चार बेटियां हैं। उनकी सबसे बड़ी बेटी का ज्योति नगर में स्थित घर साल 2017 में आई बाढ़ से प्रभावित हुआ था। इसके बाद उसके पति ने वह घर बेचकर माडल टाउन में नया घर खरीदा था। इसके लिए उसे 20 लाख रुपये की जरूरत थी। बेटी के कहने पर उसने उसके पति मनजोत सिंह को उधार लेकर रुपये दे दिए, जिसे उसने वापस नहीं लौटाया।
कुलवंत कौर ने बताया कि उन्होंने बैंक की पिपली ब्रांच में 22 जुलाई 2020 को 29 लाख रुपये की एफडी करवाई थी, लेकिन उनके जमाई ने इसमें अपना मोबाइल नंबर और ई-मेल दर्ज करवा लिया। बाद में उसने उन्हें बिना बताए उनकी एफडी ऑनलाइन तोड़ दी। आरोपी ने 18 लाख रुपये आरटीजीएस से अपने दो खातों में भेज दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतीक गहलोत ने मामले की जांच की तो सामने आया कि आरोपी ने महिला के बैंक खाते में अपना मोबाइल और ईमेल दर्ज करवाया था। संवाद