गाड़ी ढलान पर खड़ी होने के कारण पीछे चल पड़ी। वहीं पर 11 वर्षीय बच्चा खेल रहा था, जो गाड़ी और दीवार के बीच में फंस गया। जब तक उस का पिता वापस आया बच्चे की मौत हो चुकी थी।
गांव फफड़ाना निवासी तेजभान ने मंगलवार को सुबह अपने चौपहिया ऑटो की साफ सफाई करने के बाद उसे स्टार्ट किया। लेकिन वे ऑटो का हैंडब्रेक लगाना भूल गए और उसको स्टार्ट ही छोड़कर घर के अंदर कोई सामान लेने चले गए। ऑटो गेट की ढलान पर खड़ा होने की वजह से पीछे की तरफ चल पड़ा। इसी दौरान ऑटो पीछे खेल रहे तेजभान के बेटे प्रदीप (11) से टकरा गया। पीछे दीवार होने की वजह से बच्चे को भागने का भी मौका नहीं मिला। इससे गाड़ी और दीवार के बीच में बच्चे की गर्दन फंस गई और बच्चे ने दम तोड़ दिया। जब तक उसका पिता आया तो देर हो चुकी थी। आनन-फानन में बच्चे को बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत के बाद परिवार व गांव में मातम का माहौल बना हुआ है। वहीं उसका पिता भी सदमे में है। तेजभान के तीन बच्चे हैं। जिनमें से एक की जान अनजाने में चली गई।
ये बरतें सावधानी
कभी भी गाड़ी को स्टार्ट करके छोड़कर न जाएं। आसपास बच्चों को भी न खेलने दें। कई बार बच्चे खेलते खेलते गाड़ी को छेड़ देते हैं, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है। अगर फफड़ाना निवासी तेजभान ने थोड़ी सी सावधानी बरती होती तो इतना बड़ा हादसा नहीं होता।