कुरुक्षेत्र। गांव अजराना खुर्द बस अड्डे के समीप बीड़ी-सिगरेट की सप्लाई देने वाले व्यक्ति की आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर बाइक सवार तीन युवकों ने छीनाझपटी करने का प्रयास किया। आरोपियों ने उसे नकली पिस्तौल से डराने का प्रयास किया मगर युवक ने उनका डटकर मुकाबला किया। उसके बाद तीनों आरोपी अपनी बाइक पर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
सेक्टर-3 के रहने वाले रमेश कुमार ने थाना झांसा में दर्ज शिकायत में कहा कि वह बीड़ी-सिगरेट की सप्लाई करने का काम करता है। सोमवार को वह बीड़ी-सिगरेट की सप्लाई के लिए कुरुक्षेत्र से झांसा गया हुआ था। वह बीड़ी-सिगरेट सप्लाई करके और दुकानदारों से भुगतान लेकर अपनी बाइक पर वापस कुरुक्षेत्र आ रहा था। दोपहर करीब पौने दो बजे वह गांव अजराना खुर्द बस अड्डे के पास पहुंचा तो पीछे से एक बाइक पर तीन युवक आए और एक युवक ने उसकी बाइक पर रखे बक्से में लात मारी। इससे उसकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया लेकिन उसने किसी तरह बाइक को संभालकर बाइक रोक ली। वे युवक भी उसके पास पहुंच गए और लड़की छेड़ने का आरोप लगाकर उसे धमकाने लगे। आरोपियों ने उसकी बाजू में डाले गए बैग जिसमें करीब 35 हजार रुपये थे, छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके चेहरे पर मिर्च का पाउडर फेंक दिया और उसके साथ मारपीट करने लगे। आरोपियों ने उसे नकली पिस्तौल दिखाकर डराने का भी प्रयास किया। शोर मचाने पर लोगों को आता देख तीनों युवक बाइक लेकर मौके से फरार हो गए। तीनों ने अपने मुंह को कपड़े से ढका हुआ था। मारपीट में उसके सिर और कान पर चोट आई। छीना झपटी में उन युवकों का नकली पिस्तौल का कवर और बालों में लगने वाला हेयर बैंड मौके पर गिर गया जिसे उसने पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।