कुरुक्षेत्र। छह महीने पहले रास्ता रोककर छीना-झपटी करने के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस आरोपी राजा राम निवासी धूलगढ़ समेत छह आरोपियों को पकड़ चुकी है। अदालत के आदेश से पुलिस ने छठे आरोपी राजा राम को कारागार भेज दिया है।
थाना सदर पिहोवा में दर्ज शिकायत में जसविंद्र सिंह निवासी सिंगपुरा ने बताया था कि 29 जुलाई दोपहर करीब सवा दो बजे वह बाइक पर अपनी बेटी को लेने बस अड्डा भौर सैयदा जा रहा था। 15 मिनट बाद वह अनाज मंडी गोदाम के साथ बनी पुलिया के पास पहुंचा तो पुलिया के पास बाइक पर बैठे युवकों में से एक युवक ने उसकी बाइक के आगे अपनी बाइक अड़ा दी और संतुलन बिगड़ने से वह बाइक समेत नीचे गिर गया था तभी पुलिया पर बैठे अन्य युवकों में से दो ने उसे नीचे दबा लिया और बाकी सभी ने डंडों से हमला कर उसे जख्मी कर दिया था। शोर मचाया तो लोगों को एकत्रित होते देख आरोपी भाग गए थे। जाते हुए आरोपी उसके गले से सोने की चेन व जेब से 14,760 रुपये निकाल ले गए थे। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच सीआईए-दो ने करते हुए 13 सितंबर को आरोपी अंकित, मनीष निवासी अरनैचा, मित्रपाल उर्फ काली, अमन उर्फ पव्वा निवासी जाजनपुर व साहिल निवासी चूहड़ माजरा जिला कैथल को गिरफ्तार किया था। अदालत से आरोपियों को तीन दिन के रिमांड पर लेकर वारदात में प्रयोग की गई बाइक व डंडे बरामद कर कारागार भेज दिया था। अब आगामी जांच करते हुए टीम ने छठे आरोपी राजा राम को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयोग डंडे बरामद कर आरोपी को कारागार भेज दिया।