कुरुक्षेत्र। जिला स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू से निपटने के लिए सैंपलिंग आरंभ कर दी है। यहां अब तक डेंगू के दो पॉजिटिव मामले सामने आ चुके हैं। विभाग की ओर से छह डेंगू संदिग्ध लोगों के सैंपल लिए गए। उधर, विभाग ने ड्राई-डे सिस्टम शुरू कर दिया गया है। अब विभाग की ओर एक की बजाय दो दिन ड्राई-डे रखा जाएगा। इसके अलावा एंटी लारवा गतिविधियां लगातार जारी हैं।
शुक्रवार को विभाग की टीम की ओर से 9,508 घर और 12602 कंटेनर की जांच की गई। इसमें टीम को बजरंग मोहल्ला, सेक्टर-आठ, गीता कॉलोनी, शास्त्री कॉलोनी, मोहन नगर और शिव कॉलोनी समेत 26 जगह से डेंगू का लारवा बरामद हुआ। इसमें अकेले मोहन नगर में तीन जगह से लारवा मिला। विभाग की ओर से 14 घरों को नोटिस दिया गया है। अभी तक टीम 4,56,856 घर और 6,55,894 कंटेनर जांच कर चुकी है, जिसमें 271 जगह से डेंगू का लारवा बरामद हो चुका है। इसमें 146 घरों को विभाग ने नोटिस दिया है।
उधर, मच्छरों की तादाद में लगातार इजाफा हो रहा है। खाली जगह में जमा बारिश के पानी में मच्छर का लारवा पनप रहा है। विभाग की ओर से एंटी लारवा गतिविधि के तहत दवा का छिड़काव किया जा रहा है, मगर जिला प्रशासन का फॉगिंग की ओर कोई ध्यान नहीं है। अगले दिनों में होने वाली बारिश से विभाग की मुश्किलें बढ़ेंगी। हालांकि विभाग दावा कर रहा है कि इससे निपटने के लिए उनकी तैयारी पूरी है।
सैंपलिंग के साथ विभाग कर रहा लोगों को जागरूक : डॉ. सभ्रवाल
जिला मलेरिया अधिकारी एवं उप-सिविल सर्जन डॉ. रमेश सभ्रवाल ने बताया कि डेंगू से निपटने के लिए उनकी तैयारी पूर्ण है। टीम ने छह डेंगू संदिग्ध लोगों के सैंपल लिए थे। जांच के बाद सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। साथ जिले में डेंगू पॉजिटिव मिले दोनों मरीज ठीक हो चुके हैं। डेंगू का लारवा मिलने पर नोटिस देने के साथ लोगों को उनकी टीम ड्राई-डे मनाने के लिए जागरूक कर रही है। रविवार को आम नागरिक तो शुक्रवार को सरकारी विभाग में ड्राई-डे मनाया जाएगा।
कुरुक्षेत्र। डॉ.रमेश सभ्रवाल।