पिछले करीब डेढ़ साल से लोगों के लिए सिरदर्द बने पिपली-थर्डगेट सिक्सलेन प्रोजेक्ट को पूरा होने में अभी भी करीब दो साल का समय लगेगा। पीडब्ल्यूडी द्वारा 10 अप्रैल 2020 को फिर इस सड़क के निर्माण कार्य को नया टेंडर निकालकर शुरू किया गया था। इस नए टेंडर के अनुसार 15 माह के भीतर 09 अगस्त 2021 तक नौ किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण को पूरा करने की तारीख तय की गई। लेकिन 10 अप्रैल 2020 से लेकर आज 29 अगस्त 2020 तक इस सड़क का सिर्फ 10 प्रतिशत निर्माण कार्य ही पूरा हो पाया है। तीन माह में 10 प्रतिशत निर्माण की रफ्तार से अंदाजा लगाया जाए तो इस सड़क को अभी पूरा होने में 27 माह यानी ढाई साल से भी ज्यादा का समय लगेगा।
उधर, अधिकारियों का दावा है फिलहाल बारिश के कारण सड़क का निर्माण कार्य धीमी रफ्तार से चल रहा है, वहीं कोरोना के चलते उन्हें लेबर की भी काफी कमी हो रही है। मौसम साफ होने पर आगामी 10-15 दिनों में निर्माण कार्य फिर से रफ्तार पकड़ लेगा, जिससे कागजों में तय तारीख 09 अगस्त, 2021 तक किसी भी हालत में इस सड़क को बनाकर पूरी तरह तैयार कर दिया जाएगा। अधिकारियों के इन दावे और उनकी काम करने की कछुआ चाल से यह कार्य तय सीमा में पूरा होता नजर नहीं आ रहा। फिलहाल सड़क को कई जगह से उखाड़ दिया गया है, जिससे की आए दिन हादसे तो हो ही रहे हैं। वहीं, बारिश के दिनों में निर्माणाधीन सड़क पर गिराई मिट्टी से फिसलन हो जाती है। इस सड़क के कारण शहर में जाम लगना एक आम बात हो गई है।
इन जगह पर चल रहा काम
पिपली से थर्ड गेट तक की नौ किलोमीटर की सड़क पर इस दौरान मोहन नगर ओवर ब्रिज, कमानी चौक से गुरुद्वारा छटी पातशाही तक, सेकेंड गेट से थर्ड गेट तक की सड़क उखड़ी हुई है। वहीं, इसके अलावा भी कई जगह से सड़क को उखाड़ गया है।
इस प्रकार चला था सिक्स लेन प्रोजेक्ट का कार्य
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने 4 जून 2015 को पिपली से थर्डगेट तक सिक्ट लेन प्रोजेक्ट की घोषणा की थी। घोषणा के करीब साढ़े तीन साल बाद विधायक सुभाष सुधा ने 20 सितंबर 2018 को इस प्रोजेक्ट का निर्माण कार्य शुरू कराया। तब प्रोजेक्ट को 19 दिसंबर 2019 तक पूरा करने का लक्ष्य तय हुआ था, लेकिन पहला ठेका रद्द करने से काम रुक गया, जिसके बाद नया टेंडर निकाल 25 अप्रैल 2020 को फिर से विधायक सुभाष सुधा ने अंबेडकर चौक पर नारियल फोड़ इनका निर्माण कार्य शुरू कराया और 15 माह में काम पूरा करने का टारगेट फिक्स किया, लेकिन अब तक इनका सिर्फ 10 प्रतिशत कार्य ही पूरा हो पाया है।
प्रोजेक्ट पर खर्च की जा रही 57 करोड़ 35 लाख की राशि
सड़क निर्माण कार्य के लिए गर्ग एंड कंपनी द्वारा दो प्रोडेक्शन साइट स्थापित की हुई है। इस सड़क के सिविल वर्क 44 करोड़ 23 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी, हालांकि बिजली, पानी निकासी, पैबर ब्लाक आदि तमाम कार्यों सहित इस प्रोजेक्ट पर करीब 57 करोड़ 35 लाख रुपये की राशि का खर्च आएगा।
मोहन नगर ओवब्रिज पर लगा रहता है जाम
मोहन नगर ओवब्रिज पर सड़क निर्माण के लिए ब्रिज की एक साइड की सड़क को करीब एक माह पहले उखाड़ा गया था। उसके बाद इसके ऊपर मैटेरियल गिराकर लेवल ऊंचा किया गया, लेकिन अब यहां भी निर्माण कार्य बंद नजर आ रहा है। सिंगल साइड वाहन चलने से इस ओवरब्रिज पर हमेशा जाम लगा रहता है और हादसे होते रहते हैं।
बारिश के कारण धीमी हुई रफ्तार : अमित
लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन अमित मनोचा ने कहा फिलहाल सिक्सलेन प्रोजेक्ट का 10 प्रतिशत निर्माण कार्य ही पूरा हो पाया है। बारिश के कारण मैटेरियल नहीं पहुंच पा रहा है, वहीं कोरोना के चलते लेबर की भी इस बार कमी है। आगामी 10-15 दिनों में मौसम साफ होते ही निर्माण कार्य रफ्तार पकड़ लेगा। उन्होंने दावा किया कि कागजों में तय तारीख 09 अगस्त 2021 तक किसी भी सूरत में इस प्रोजेक्ट को पूरा कर लिया जाएगा। इस प्रोजेक्ट के पूरा होने पर शहरवासियों को राहत पहुंचेगी।