कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय ने छात्रों की रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय परिसर में छह क्लबों की स्थापना की है। ये क्लब विश्वविद्यालय के यूनिवर्सिटी टीचिंग डिपार्टमेंट, इंस्टिट्यूट ऑफ इंटीग्रेटेड एंड ऑनर्स स्टडीज, इंस्टिट्यूट ऑफ टीचर्स ट्रेनिंग एंड रिसर्च और यूनिवर्सिटी इंस्टिट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में अलग-अलग रूप से गठित किए गए हैं।
युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग के निदेशक प्रो. विवेक चावला ने बताया कि इन क्लबों का गठन छात्रों के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इन क्लबों के माध्यम से छात्रों को उनकी रचनात्मक एवं सांस्कृतिक प्रतिभा को मंच प्रदान किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि इन क्लबों में फाइन आर्ट्स क्लब, लिटरेरी क्लब (हिंदी एवं अंग्रेज़ी), म्यूजिक एंड डांस क्लब, थिएटर क्लब, फोटोग्राफी क्लब और ईको/नेचर क्लब शामिल हैं। प्रत्येक क्लब के लिए शिक्षक प्रभारी नियुक्त किए गए हैं जो छात्रों को मार्गदर्शन प्रदान करेंगे और गतिविधियों का संचालन सुनिश्चित करेंगे।
लोक संपर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि विश्वविद्यालय के सभी प्रतिभाशाली छात्र, जो फाइन आर्ट्स, साहित्य, संगीत, नृत्य, रंगमंच, फोटोग्राफी या पर्यावरण संबंधी गतिविधियों में रुचि रखते हैं, वे इन क्लबों के सदस्य बन सकते हैं। इच्छुक छात्र निर्धारित आवेदन पत्र भरकर संबंधित शिक्षक प्रभारी को 14 अक्तूबर तक जमा कर सकते हैं। प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा और कोई भी छात्र एक से अधिक क्लबों का सदस्य बन सकता है। शिक्षक प्रभारी को निर्देश दिया गया है कि वे क्लब सदस्यों की जानकारी 16 अक्तूबर तक युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग के कार्यालय में प्रेषित करें।