सिम बहाल, अब स्कूलों में बंद नहीं रहेंगे कंप्यूटर
- फोटो : Amar Ujala
प्रदेश भर के सरकारी स्कूलों में लगभग चार माह बाद फिर से कंप्यूटर काम करने लगेंगे। इससे स्कूलों के हर रिकार्ड ऑनलाइन करने की योजना भी सिरे चढ़ पाएगी। विभाग ने स्कूलों में लगे स्कूल इंफॉर्मेशन मैनेजर (सिम) को वापस लेने का निर्णय लेकर उनको ज्वाइन कराने के आदेश भी जारी कर दिए हैं। सोमवार को जिले में कुल 46 सिम में से 39 ने ज्वाइन कर लिया। इनमें से ज्यादातर अपने स्टेशन पर पहुंच भी गए।
राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान (आरएमएसए) के तहत लगे इन सिम्स का कांट्रेक्ट 31 मार्च को समाप्त हो गया था लेकिन सरकार ने इसे 8 जून तक बढ़ा दिया था। उसके बाद इनकी सेवाएं समाप्त हो गई थीं। इस कारण अधिकतर स्कूलों के कंप्यूटर पूरी तरह से बंद पड़े हुए थे। अधिकतर स्कूल मुखियाओं और अध्यापकों को ऑनलाइन रिकार्ड पूरा करवाने के लिए साइबर कैफे, दुकानों पर धक्के खाने पड़ रहे थे। यह काम सुचारु नहीं हो पा रहा था तो दूसरी तरफ सेवा बहाली के लिए सिम्स लगातार संघर्ष कर रहे थे। प्रदेश सरकार ने स्कूल इंफॉर्मेशन मैनेजरों की सेवाएं बहाल करने के लिए शनिवार को आदेश जारी कर दिए। सभी को सोमवार को ज्वाइनिंग के लिए बुला भी लिया गया। सोमवार को सर्वशिक्षा अभियान के जिला कार्यालय में 46 में से 39 सिम्स ने ज्वाइन कर लिया।
नौकरी मिली लेकिन वेतन पर चली कैंची
विभाग ने भले ही स्कूल इंफॉर्मेशन मैनेजर्स को ज्वाइन करवा दिया हो, लेकिन उनके वेतन पर कैंची चला दी है। पहले उन्हें 23 हजार रुपये मासिक वेतन मिल रहा था, लेकिन अब विभाग ने उनके द्वारा भरवाए प्रोफॉमा में ही स्पष्ट कर दिया है कि उन्हें 20 हजार रुपये वेतन दिया जाएगा। वेतन में हर वर्ष 5 फीसदी बढ़ोतरी होगी। कांट्रेक्ट हर वर्ष रिन्यू किया जाएगा।
थानेसर ब्लॉक में 22 सिम्स तो बाबैन में महज तीन
सिमस के ज्वाइन करने के बाद भी कई स्कूलों को इंतजार करना पड़ सकता है। जिले के कुल 46 सिम्स में से अकेले थानेसर ब्लॉक में ही 22 सिम्स हैं तो वहीं बाबैन ब्लॉक में महज तीन हैं। दूसरे ब्लॉक में भी सिम्स की भारी कमी है। एसएसए के जिला परियोजना अधिकारी अरुण आश्री ने बताया कि वह भी विभाग को सिम की नियुक्ति क्लस्टर स्तर पर करने के लिए पत्र लिखेंगे। आश्री ने बताया कि ज्वाइन करने वाले 39 सिम्स को पुराने स्टेशन पर ही ड्यूटी करने को कहा है। उनके मूल प्रमाण पत्रों सहित ज्वाइनिंग रिपोर्ट मुख्यालय भेजी जाएगी।