भारतीय किसान यूनियन हरियाणा (मान ग्रुप) के प्रदेशाध्यक्ष गुणी प्रकाश और उसके साथियों द्वारा समुदाय के खिलाफ अभद्र टिप्पणी से सिखों में रोष है। इसके विरोध में शनिवार को सिख संगत गुरुद्वारा पातशाही छठी में एकत्रित हुई और सिख परिवार हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष कवलजीत सिंह अजराना के नेतृत्व में लघु सचिवालय पहुंची, जहां डीडीपीओ प्रताप सिंह को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। इसके बाद सिख संगत पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और वहां पर नारेबाजी के बाद डीएसपी सुभाष चंद को ज्ञापन सौंपा।
कवलजीत सिंह अजराना ने चेताया कि सिख कौम पर अभद्र टिप्पणी करना और सिखों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना किसी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा सिख भावनाओं को ठेस पहुंचाने, भड़काने और सामाजिक माहौल खराब करने वाला है। अजराना ने सिख संगत की ओर से कहा कि 28 जुलाई तक यदि गुणी प्रकाश, प्रवीण मथाना व उसके साथियों पर मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया तो सिख संगत द्वारा महापंचायत करके आंदोलन का बिगुल फूंक दिया जाएगा। अजराना ने आरोप लगाया कि गुणी प्रकाश के पीछे कुछ शरारती तत्वों का हाथ है, जिनकी शह पर यह घिनौनी हरकत की हैै। इस दौरान शिरोमणि अकाली दल हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष शरणजीत सिंह, शिरोमणि अकाली दल के प्रधान महासचिव सुखबीर सिंह, शिरोमणि अकाली दल कोर कमेटी के मेंबर अमरजीत सिंह, हरकेश सिंह, धर्म प्रचारी कमेटी के मेंबर जत्थेदार तजिंदरपाल सिंह, गुरमीत सिंह, गुरमीत सिंह, एसजीपीसी सब ऑफिस अतिरिक्त सचिव डा. परमजीत सिंह, सिख मिशन हरियाणा के सहायक प्रभारी जसबीर सिंह आदि मौजूद रहे।