फेसबुक पर सिखों के खिलाफ टिप्पणी से भड़का सिख समाज
- फोटो : Amar Ujala
फेसबुक पर सिख समाज को लेकर एक युवक की ओर से की गई अमर्यादित टिप्पणी से सिख समाज में रोष बना हुआ है। युवक इस समय न्यूजीलैंड में पढ़ रहा है और वहीं से उसने सिख समाज को लेकर फेसबुक पर टिप्पणियां लिखी है। इस बारे में लाडवा खंड के गांव सलेमपुर की सिख संगत ने गांव के ही एक युवक पर सिखों को लेकर ये टिप्पणी करने का आरोप लगाते हुए उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
गांव सलेमपुर के सिख समाज के गुरमेज सिंह, जसबीर सिंह, गुरविंद्र सिंह, गुरमीत सिंह, जसविंद्र सिंह, निर्मल सिंह व सुखबीर सिंह आदी ने बुधवार को लाडवा थाने में युवक के खिलाफ शिकायत दी, जिसमें उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा है कि गांव का ही एक युवक जुबीन शर्मा सटडी वीजा पर न्यूजीलैंड गया हुआ है। उसने अपनी फेसबुक प्रोफाइल पर अपनी फोटों के साथ सिख समुदाय के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए जातिसूचक अपशब्द लिखे हैं , जिससे सिखों की धार्मिक भावना को ठेस पहुंच रही है। आरोपी द्वारा की गई टिप्पणी असहनीय है और इससे पूरे सिख समाज में रोष बना हुआ है।
सिख समाज ने मांग की है कि आरोपी युवक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। लाडवा थाने में शिकायत देने के बाद सिख समाज ने कहा कि यदि सिख समाज के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करने वाले आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नही की गई तो सिख समाज एसपी कार्यालय पर प्रदर्शन करेगा।