कुरुक्षेत्र। अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में शनिवार को महाभारत धारावाहिक में कृष्ण की भूमिका अदा करने वाले प्रख्यात कलाकार नीतिश भारद्वाज पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी यादगार प्रस्तुति देकर पर्यटकों का मन मोह लिया।
मुख्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों में नीतिश भारद्वाज व उनके ग्रुप ने पवित्र ब्रह्मसरोवर तट पर पुरुषोत्तमपुरा बाग में मुख्य मंच पर श्रीकृष्ण लीलाओं को अपने नाटक के माध्यम से दर्शाया, जिसे देख दर्शक भाव विभौर हो उठे।
शनिवार को सांध्यकालीन मुख्य कार्यक्रमों का शुभारंभ विधायक सुभाष सुधा, केडीबी सीईओ एवं एडीसी अखिल पिलानी, केडीबी मानद सचिव उपेंद्र सिंघल ने किया। विधायक सुभाष सुधा ने कहा कि गीता महोत्सव पर शानदार कार्यक्रमों की प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया। इन प्रस्तुतियों में पर्यटकों की भारी भीड़ देखकर सहज अंदाजा लगाया जा सकता है कि यह महोत्सव अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी एक अलग पहचान बना चुका है।