सुभाष मंडी पुलिस चौकी के समीप रेलवे रोड पर एक दुकान पर कब्जे को लेकर मंगलवार देर शाम बवाल हो गया। दो पक्ष आमने-सामने आ गए, जिसके चलते दर्जनों लोगों ने दुकान को गिराने का प्रयास किया तो वही दुकान चला रहे लोगों ने इसका विरोध किया। अभी दोनों पक्षों में गहमागहमी हो रही थी कि पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू किया। दुकान के बाहर पुलिस भी तैनात कर दी गई।
जैन मार्केट में करियाणा स्टोर चला रहे संजय कुमार गुप्ता ने आरोप लगाते हुए बताया कि वह पिछले 57 वर्षों से यहां दुकान चला रहे है, लेकिन 26 जनवरी को अज्ञात लोगों ने रात के समय उनकी छत का कुछ हिस्सा गिरा दिया। उन्होंने इसे कुछ ठीक किया तो उस समय पुलिस में भी इस संबंध में शिकायत दी। लेकिन अभी पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हो पाई थी कि मंगलवार देर सांय फिर करीब दो दर्जन लोग दुकान पर पहुंचे और उसे ढहाना शुरू कर दिया।
उन्होंने इसका विरोध किया तो मामला बढ़ने लगा। तभी पुलिस को सूचना मिली और पुलिस ने दोनों पक्षों को रोककर स्थिति पर काबू किया। उन्होंने कहा कि दुकान गिराने पहुंचे लोग खुद को दुकान का मालिक बता रहे हैं और उन्होंने यह दुकान खरीद लेने का दावा किया। उन्होंने आरोप लगाते हुए बताया कि इन लोगों ने उसकी दुकान में रखे लाखों रुपये के सामान को भी नहीं बख्शा और उसके ऊपर ही दुकान गिरानी शुरू कर दी।
हमने खरीदी दुकान, सिर्फ काम रुकवाने आए: प्रेम जैन
उधर मौके पर ही प्रेम जैन ने पत्रकारों को बताया कि यह दुकान उन्होंने खरीद ली है। उन्हें पता चला था कि यहां किराए पर दुकान चला रहे संजय गुप्ता दुकान पर कुछ निर्माण कार्य चला रहे है। वह सिर्फ यह काम रुकवाने पहुंचे थे जबकि उन पर दुकान गिराए जाने के आधारहीन आरोप लगाए जा रहे है। यह दुकान बरसात के चलते गिरी थी।
अभी मामले की जांच जारी : दिनेश सिंह
सुभाष मंडी चौकी प्रभारी दिनेश सिंह ने बताया कि दुकान पर कब्जे को लेकर दोनों पक्ष दावा जता रहे हैं, जिसके चलते ही विवाद हुआ। अभी मामले की जांच की जा रही है और शिकायत के आधार पर मामला दर्ज लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस ने काम रुकवा दिया है और दोनों पक्षों को कानून हाथ में न लेने की हिदायत भी दी गई है।