बाबैन। अनाज मंडी के सामने कालू राम एंड संस के नाम से स्थित किराना की दुकान में अल सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई, जिससे सामान सहित पूरी दुकान जलकर राख हो गई। कई घंटे की कड़ी मशक्कत कर फायर ब्रिगेड कर्मियों ने आग पर काबू पाया। इस घटना से आसपास के दुकानदारों में भी हड़कंप मचा रहा।
पीड़ित दुकानदार कृष्ण कुमार ने बताया कि वह हर रोज की तरह शुक्रवार को शाम के समय दुकान बंद करके अपने घर पर आया था, लेकिन सुबह चार बजे के करीब मांगेराम वासी भगवानपुर ने दुकान में आग लगने की सूचना दी। वे मौके पर पहुंचे तो पूरी दुकान को आग ने चपेट में लिया हुआ था। आग दूसरी मंजिल तक पहुंच चुकी थी। सूचना फायर ब्रिगेड केंद्र पर दी तो कर्मी मौके पर पहुंचे। आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत की गई, लेकिन आग दूसरी मंजिल तक पहुंच जाने के कारण इसे बुझाने के लिए जेसीबी की मदद लेनी पड़ी। आग लगने से आसपास के दुकानदारों में भी हड़कंप मच गया। कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें तक खाली कर दी तो वहीं सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस भी पहुंची।
पीड़ित दुकानदार कृष्ण कुमार का कहना है अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आखिर दुकान में आग कैसे लगी, लेकिन उनका करीब 30 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उधर, लोगों की मानें तो आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी है। इस घटना के बाद पीड़ित दुकानदार व उसका परिवार सदमें में बताया जा रहा है। उनका कहना है कि सरकार व प्रशासन को उनकी आर्थिक सहायता करनी चाहिए, ताकि कुछ भरपाई हो सके। परिवार के समक्ष रोजी-रोटी का संकट भी खड़ा हो गया है।
आग से जली दुकान के पीड़ित परिवार की कराई जाएगी आर्थिक मदद : डॉ. पवन सैनी
भाजपा के प्रदेश महामंत्री व लाडवा के पूर्व विधायक डॉ. पवन सैनी ने आग से जली दुकान का मौके पर जाकर जायजा लिया। उन्होंने दुकानदारों से घटना की जानकारी ली और राजस्व विभाग के अधिकारियों से दुकान के हुए नुकसान का आकलन कर उसकी रिपोर्ट तुरंत उच्चाधिकारियों को भेजने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए, ताकि पीड़ित दुकानदार की आपदा प्रबंधन योजना के तहत नुकसान की भरपाई करवाई जा सके।
उन्होंने कहा कि आग से दुकानदार का पूरा कारोबार ही चौपट हो गया है, जिससे उसके परिवार के लिए रोजी रोटी का संकट पैदा हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार दुकानदार के आग लगने से हुए नुकसान की भरपाई के लिए आवश्यक कदम उठाएगी ताकि पीड़ित परिवार की जल्दी से जल्दी ज्यादा से ज्यादा मदद हो सके। इस अवसर पर भाजपा के मंडल अध्यक्ष जसबीर सिंह जस्सी, अमीचंद बाबैन, सोहन लाल, सुभाष शर्मा के अलावा मार्केट के अनेक दुकानदार भी उपस्थित थे।