कुरुक्षेत्र। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान के गैर शिक्षक कर्मचारी संघ में प्रधान पद का ताज शिवराज चहल के सिर सजा है। उन्होंने 72 मत हासिल कर प्रतिद्वंदी कुलविंद्र सिंह को 12 वोटों से शिकस्त दी। कुलविंद्र सिंह को 60 वोट मिले। प्रधान पद के लिए 137 में से 132 मत पड़े, जिनमें से पांच मत रद्द हुए।
शिवराज चहल का चुनाव निशान शंख था जबकि उनके प्रतिद्वंदी कुलविंद्र सिंह का चुनाव निशान टेलीफोन था। चुनावी जंग टक्कर की रही और आखिर में जीत शिवराज चहल की हुई। चुनाव परिणाम आते ही विजेता शिवराज के समर्थक खुशी से झूम उठे और जमकर जश्न मनाया। वहीं उपप्रधान चांद सिंह, महासचिव राजकमल, सह सचिव जसविंद्र सिंह, कैशियर के पद के लिए ललित कुमार पर पहले ही सहमति जताई जा चुकी है। ऐसे में चुनाव प्रधान पद के लिए ही कराया गया।
मुख्य चुनाव अधिकारी संजीव कुमार मित्तल ने बताया कि एक बूथ पर चुनाव कराया गया, जो शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। सुबह नौ बजे चुनाव शुरू हो गया था और दो बजे तक मतदान हुआ। मतगणना होने के उपरांत परिणाम घोषित किया गया, जिसमें शिवराज चहल प्रधान बने हैं ।
उधर प्रधान बने शिवराज चहल का कहना है कि संघ को और मजबूत बनाया जाएगा तो वहीं कर्मचारियों के हित में हर संभव कार्य किया जाएगा। किसी भी कर्मचारी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उनका प्रयास रहेगा कि हर कर्मचारी को उसके अधिकार मिले। सभी कर्मचारियों के चेहरे पर खुशी की लहर है जो कि बरकरार रखने का काम किया जाएगा।