कुरुक्षेत्र। महाशिवरात्रि पर्व के लिए धर्मनगरी के सभी शिवालय सज गए हैं। शहर के प्रमुख मंदिरों में कांवड़ लेकर आने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने लगी है और हर-हर महादेव के उद्घोष से पूरा क्षेत्र गूंज रहा है। मंदिर समितियों की ओर से महाशिवरात्रि के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं।
दुखभंजन समेत कई स्थानों पर रात्रि जागरण, भजन-कीर्तन और रुद्राभिषेक का आयोजन किया जाएगा। श्रद्धालु रविवार को शिवलिंग पर जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। इसके अलावा सुरक्षा-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन की ओर से भी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।
पंडित डॉ. बृज मोहन भार्गव ने बताया कि महाशिवरात्रि का पर्व भगवान शिव और माता पार्वती के पावन विवाह उत्सव के रूप में मनाया जाता है। मान्यता है कि इस दिन व्रत और विधि-विधान से पूजा करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और जीवन में सुख-समृद्धि आती है। कई श्रद्धालु निर्जला व्रत रखकर पूरी रात जागरण करते हैं। बाजारों में भी महाशिवरात्रि को लेकर रौनक बढ़ गई है। पूजा सामग्री, फल, मिठाइयों और प्रसाद की दुकानों पर भीड़ देखने को मिल रही है। श्रद्धालुओं में पर्व को लेकर खासा उत्साह है और सभी भक्त पूरी श्रद्धा व आस्था के साथ भगवान शिव की आराधना की तैयारी में जुटे हैं। संवाद