कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के डॉ. आरके सदन में दो दिवसीय शिक्षा महाकुंभ में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों द्वारा स्वनिर्मित मॉडल की प्रदर्शनी लगाई गई। जिसमें स्टार्टअप एवं नवाचार मॉडल प्रस्तुत कर दैनिक जीवन की समस्याओं का निदान किया।
गीता निकेतन आवासीय विद्यालय कुरुक्षेत्र के 11वीं कक्षा के छात्र रविंद्र बराड़ ने रोबो कंस्ट्रक्टर मॉडल के माध्यम से बताया कि उनका यह मॉडल सड़कों के गहरे गड्ढों को भरने का आइडिया है। इस नवाचार के माध्यम से मशीन अपने आप गड्ढों की पहचान कर उसे ठीक करेगी। यह नवाचार अभी प्रोटो टाइप स्टेज में है। इसके साथ हेल्दी पोस्चर हैप्पी लाइफ मॉडल में छात्र ने बैठने की सही स्थिति हेतु कुर्सी को प्रदर्शित किया, जिसमें यदि व्यक्ति सही स्थिति में आसन ग्रहण नहीं करता तो वह बीप की आवाज देने लगती है।
इसके साथ ही विद्यार्थियों द्वारा मूवेबल सोलर सिस्टम को भी प्रदर्शित किया गया। विद्यार्थियों ने बताया कि वर्तमान में घरों, कार्यालयों में लगे सोलर सिस्टम एक जगह लगे होते हैं तथा जब धूप निकलती है तब धीरे-धीरे बिजली बनने लगती है। जबकि उनके द्वारा प्रदर्शित मूवेबल सोलर सिस्टम प्रकाश के अधिकतम प्रभाव की जांच कर सोलर सिस्टम सेंसर उसी दिशा में अपने आप घूम जाता है जिससे अधिक ऊर्जा मिल सके।
गीता विद्या मंदिर गोहाना से आए विद्यार्थी सक्षम, सहदेव व सुहानी ने बताया कि आरएफ आईडी तकनीक वर्तमान में बहुत प्रचलित है। उन्होंने इसी आधार पर डोर लॉक सिस्टम को प्रदर्शित किया है। इस तकनीक को वर्तमान में टोल बैरियर इस्तेमाल किया जा रहा है, जहां फास्टैग की रीडिंग के बाद गेट अपने आप खुल जाता है।
वहीं गीता कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल अमीन रोड़ की छात्रा जाहनवी ने बताया कि उनके मॉडल में खेत में मिट्टी की उर्वरता, पानी एवं हवा की नमी का सेंसर के द्वारा पता लगाकर आवश्यक पोषक तत्वों को पूरा किया जा सकता है, जिससे खेती द्वारा किसान अच्छी फसल प्राप्त कर सकता है।