लाडवा। कार्यकर्ताओं के साथ राज्य बाल विकास परिषद की उपाध्यक्ष सुमन सैनी। विज्ञप्ति
- फोटो : mathura
लाडवा। सेवा पखवाड़ा एक औपचारिकता नहीं है, बल्कि सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। हम सब को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में अगले 15 दिन इसमें तन-मन-धन से जुट कर इसे जन-आंदोलन बनाना है। सेवा पखवाड़ा हमें समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारियों का बोध कराता है। यह हमें याद दिलाता है कि राजनीति का असली उद्देश्य केवल सत्ता पाना नहीं है, बल्कि समाज सेवा के माध्यम से जनता के जीवन को सशक्त और बेहतर बनाना है। ये विचार सुमन सैनी शनिवार को सेवा पखवाड़ा को लेकर लाडवा विधानसभा के भाजपा कार्यकर्ताओं की कार्यशाला में व्यक्त किए। सुमन सैनी ने कहा कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 75वां जन्मदिन है। इस शुभ अवसर से लेकर आगामी दो अक्टूबर तक, हम सभी सेवा परमो धर्म के सिद्धांत को चरितार्थ करते हुए सेवा पखवाड़ा मना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सेवा हमारी भारतीय संस्कृति की आत्मा है। जब प्रधानमंत्री ने अपने जीवन को सेवा ही संगठन, सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र से जोड़ा, तब हमें भी यह दिशा मिली कि राजनीति का मतलब जनसेवा ही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना पूरा जीवन राष्ट्र सेवा में समर्पित किया है। उनके जन्मदिन को सेवा पखवाड़ा के रूप में मनाना हमारे लिए एक अवसर है। साथ ही हमारे महापुरुषों को याद करने का भी समय है। इसमें हम 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती और दो अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती को भी बड़े उत्साह के साथ मनाएंगे।
महिलाएं करवा चौथ पर अपने पति के नाम एक पेड़ जरूर लगाए
सुमन सैनी ने कहा कि एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत हमें अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगाने हैं ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वस्थ और सुरक्षित वातावरण मिल सके। उन्होंने कहा कि महिलाएं करवा चौथ पर अपने पति के नाम एक पेड़ जरूर लगाए।