अब एक विंडो पर मिलेगी वरिष्ठ नागरिकों को सभी सुविधाएं : सुधा
- फोटो : अमर उजाला
ई-दिशा केंद्र में सिंगल विंडो से अब वरिष्ठ नागरिकों को एक विंडो पर ही रजिस्ट्री, डीड, लाइसेंस और तमाम प्रकार की सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी। इतना ही नहीं बुजुर्गों को एक विंडो से दूसरी विंडो पर नहीं जाना पड़ेगा। कर्मचारी स्वयं सारा काम कर देगा। इस योजना से जिला के करीब एक लाख वरिष्ठ नागरिकों को फायदा मिलेगा।
ये बातें थानेसर के विधायक सुभाष सुधा ने शनिवार को अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस पर प्रशासन के विशेष प्रयासों से जिला के बुजुर्गों की सुविधा के लिए स्थापित सिंगल विंडो के उद्घाटन समारोह पर कहीं। इससे पहले विधायक, डीसी सुमेधा कटारिया तथा 92 वर्षीय मामो देवी निवासी दयालपुर ने रिबन काट कर विधिवत रूप से सिंगल विंडो का शुभारंभ किया। इस दौरान विधायक एवं डीसी ने बुजुर्गों को गुलाब पुष्प भेंट कर सम्मानित किया।
विधायक ने कहा कि प्रशासन के प्रयासों से जिला के वरिष्ठ नागरिकों को एक अच्छी सुविधा मिलेगी। इस सुविधा से बुजुर्गों को अब एक विंडो से दूसरी विंडो पर नहीं जाना पड़ेगा सारा काम एक जगह से हो जाएगा। इस कार्य को शुरू कर प्रशासन ने सरकार की नीतियों को तेेजी से आगे बढ़ाने का काम किया है। डीसी ने कहा इस योजना से इंतकाल, रजिस्ट्री, सीएम विंडो शिकायत, डीड सहित तमाम सुविधाओं को उपलब्ध कराया जाएगा। इस अवसर पर एडीसी धर्मवीर सिंह, एसडीएम नरेंद्रपाल मलिक, सीटीएम गौरव अंतिल, जिला राजस्व अधिकारी अशोक मलिक, नायब तहसीलदार परमजीत सिंह, डीआईओ विनोद सिंगला तथा भूषण पाल सहित अन्य अधिकारी एवं वरिष्ठ नागरिक मौजूद रहे।