कुरुक्षेत्र। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर ब्रह्मसरोवर के तट पर आयोजित राज्य स्तरीय योग कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दूर दराज से हजारों लोग पहुंचे। इन्हें लेकर 1285 बसें धर्मनगरी पहुंचीं, जिससे शहर में दोपहर तक जाम की स्थिति बनी रही। विभिन्न स्थानों पर पार्किंग व्यवस्था के बावजूद संबंधित सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। प्रशासन ने भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी थी और संदिग्ध वाहनों की गहन जांच की गई। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। ब्रह्मसरोवर और मेला ग्राउंड के आसपास भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। जगह-जगह नाकेबंदी की गई, जबकि सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए लगातार निगरानी की गई। हालांकि कार्यक्रम समाप्त होने से पहले ही कई पुलिसकर्मी ड्यूटी स्थल से नदारद दिखे, जिससे व्यवस्था पर सवाल उठे। योग साधकों की भारी भीड़ के कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रशासन ने जाम से निपटने के लिए ट्रैफिक पुलिस को तैनात किया, लेकिन बसों की संख्या और भीड़ के दबाव के आगे व्यवस्था अपर्याप्त नजर आई।
पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल ने बताया कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे और कार्यक्रम शांतिपूर्ण रहा। प्रशासन ने दावा किया कि जाम की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सभी संभव उपाय किए गए।