इस्माईलाबाद। पिहोवा के निकट सड़क दुर्घटना में बाइक सवार तीन युवकों में से एक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरे ने निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। परिजनों ने चिकित्सकों व स्टाफ पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। परिजनों ने डीसी व एसपी को शिकायत सौंपकर कार्रवाई व न्याय की मांग की है।
मलिकपुर गांव निवासी राजेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 13 दिसंबर की रात करीब नौ बजे उनका भाई संजीव (27) अपने दोस्त गुरपाल सिंह व मोहित के साथ बाइक पर पिहोवा जा रहा था। गुरपाल बाइक चला रहा था। गांव भट्टमाजरा के पास एक ट्रैक्टर-ट्रॉली की साइड लगने से बाइक असंतुलित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में गुरपाल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। संजीव को सिर, छाती व पेट में गंभीर चोटें आई, जबकि मोहित को मामूली चोटें लगीं।
परिजन घायलों को पिहोवा के एक निजी अस्पताल ले गए। राजेश के अनुसार चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद सब सामान्य बताया और चंडीगढ़ रेफर करने की बात कही, लेकिन आश्वासन दिया कि हालत स्थिर है। दर्द बढ़ने पर एक्स-रे व सीटी स्कैन की मांग की गई, लेकिन चिकित्सकों ने टालमटोल की। रात 12 बजे के बाद जांच हुई और तब चंडीगढ़ रेफर किया गया। इसके बाद भी एंबुलेंस देरी से आई और स्टाफ व चालकों के बीच खर्चे को लेकर विवाद हुआ। संवाद