इस्माईलाबाद। एसडीएम पिहोवा कपिल शर्मा ने कहा कि गेहूं के उठान के साथ-साथ भुगतान का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है। खरीदे गए गेहूं का 86 प्रतिशत उठान हो चुकी है। आढ़तियों व किसानों को किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं होने दी जाएगी। वे यहां गेहूं खरीद व गेहूं स्टॉक का जायजा लेने के बाद मार्केट कमेटी कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि अब तक अनाज मंडी में 762793 क्विंटल गेहूं की आवक हुई है, जिसमें से खाद्य एवं आपूर्ति विभाग व हैफेड ने 757996 क्विंटल गेहूं की खरीद की है। जिसमें से 649950 क्विंटल गेहूं की उठान हो चुकी है। बाकी बचे गेहूं की उठान के लिए ठेकेदार को आदेश दे दिए गए है। इसके बाद उन्होंने मंडी में जाकर गेहूं खरीद का जायजा लिया।
इस अवसर पर उन्होंने किसानों की समस्याओं को भी सुना। उन्होंने कहा कि किसान व आढ़ती को किसी भी प्रकार की कोई समस्या है वह इसके बारे में उन्हें सूचित कर सकता है। किसान की समस्या का तुरंत प्रभाव से समाधान किया जाएगा। इसके बाद उन्होंने एजेंसियों द्वारा उठान करने के बाद स्टॉक किए गए गेहूं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने थांदडो प्लेटी पर जाकर स्टाॅक किए गए गेहूं का निरीक्षण किया।