कुरुक्षेत्र। चिलचिलाती धूप और उमस भरी गर्मी ने वीरवार को भी लोगों को सताने का काम किया, जिससे जहां सड़कों से गुजरने वाले राहगीरों ने परेशानियां झेली तो वहीं अस्पतालों में ओपीडी के लिए लाइनों में लगे मरीज भी परेशानी का सामना करते दिखाई दिए। दोपहर को पारा 40 डिग्री तक जा पहुंचा, जिससे गर्मी का आभास भी बढ़ गया। गर्मी से राहत पाने के लिए लोग जहां कूलर पंखों का सहारा लेते दिखाई दिए तो वहीं पवित्र ब्रह्मसरोवर तट पर पहुंचे यात्री भी पेड़ों की छाया का सहारा लेते नजर आए, जबकि बाजार में दोपहर के समय सन्नाटा पसरा रहा। हालांकि सामान्य दिनों से तापमान चार डिग्री तक कम रहा, जिससे गर्मी और लू का असर कम रहा।
वहीं मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान बढ़ने के आसार बने हुए है, जिससे भीषण गर्मी का असर होने के आसार रहेंगे। शनिवार को जहां पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की संभावना रहेगी तो वहीं रविवार को 46 डिग्री तक तापमान बढ़ने के आसार बने हुए है, साथ ही तेज हवा के चलने से लू का असर बढ़ने की संभावना भी रहेंगी।
पशु चिकित्सक डॉ. रितु का कहना है कि तापमान बढ़ने से पशुओं के बीमार होने की संभावना रहती है जबकि आने वाले दिनों में भी तापमान बढ़ने की संभावना बनी हुई है। पशुओं को लू व गर्मी से बचाने के लिए दिन में कई बार पानी पिलाना चाहिए, साथ ही दिन में तीन से चार बार स्नान भी कराते रहना चाहिए। इसके अलावा पशुओं को धूप से बचाने के लिए कमरे का प्रबंध होना चाहिए। पशुओं में किसी भी तरह की बीमारी के लक्षण होने पर तुरंत पशु चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए।