कुरुक्षेत्र। पुराने बस अड्डे के समीप सड़क हादसे में स्कूटी सवार दो युवकों में से एक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान परशुराम काॅलाेनी के रहने वाले रमन के रूप में हुई है।
घटना के प्रत्यक्षदर्शी झिरबड़ी निवासी विशाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रमन और आनंद अपने मालिक की स्कूटी पर झांसा रोड से खाना खाकर लौट रहे थे। वह अपनी बाइक पर उनके पीछे था। इस दौरान बस अड्डे के पास बस ने बिना इंडिकेटर दिए अचानक गलत साइड में मुड़कर ब्रेक मार दिए। जिससे पीछे से आ रही स्कूटी सीधे बस के पिछले हिस्से से टकरा गई। इस हादसे में स्कूटी चालक रमन और पीछे बैठे आनंद सड़क पर गिर गए। रमन की मौके पर ही उनकी मौत हो गई। आनंद को गंभीर हालत में जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। रमन सुभाष मंडी में पल्लेदारी का काम करता था।
वह परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसके पिता कुंवरपाल मजदूरी करते हैं, एक दिव्यांग 12 वर्षीय छोटा भाई हेमराज तथा छह बहनें हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर है। हादसे के बाद बस चालक बस छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बस के नंबर के आधार पर चालक के खिलाफ संबंधित धारा के तहत मामला दर्ज कर लिया है। संवाद