प्रदेश भर में विज्ञान विषय की पढ़ाई कर रहे और इस क्षेत्र से जुड़े बच्चे को अब विज्ञान मेले व प्रदर्शनी में ही अपने मॉडल रखने तक सीमित नहीं होना पड़ेगा। उन्हें केंद्र सरकार से लेकर देश के समक्ष अपनी प्रतिभा दिखाने का भी मौका मिलेगा। ऐसे बच्चों को कुरुक्षेत्र पैनोरमा एवं विज्ञान केंद्र एक बड़ा प्लेटफार्म देने जा रहा है। इसके लिए केंद्र में साइंस इनोवेशन हब स्थापित किया जाएगा, जिसे न केवल केंद्र सरकार ने मंजूरी प्रदान कर दी है बल्कि इसके लिए 2 करोड़ की राशि भी मंजूर कर ली गई है।
पैनोरमा एवं विज्ञान केंद्र प्रशासन प्रदेश के पहले इनोवेशन हब के लिए पिछले एक वर्ष से योजना पर कार्य करने में जुटा हुआ है, जिसके अब सिरे चढने की उम्मीद बन गई है। केंद्र द्वारा राशी मंजूर करते ही यहां पैनोरमा के उत्तरी छोर की ओर 10 हजार स्क्वायर फीट क्षेत्र में बनाए जाने वाले इस हब के लिए आर्किटेक्ट की टीम भी हाल ही में दौरा कर चुकी है। इसके लिए केडीबी सहित अन्य संबंधित सभी विभागों से एनओसी भी मिल चुकी है और भवन का नक्शा भी तैयार कर इसे भी मंजूरी के लिए संबंधित विभाग को भेज दिया गया है। उम्मीद जताई जा रही है कि फरवरी तक इसका भवन निर्माण शुरू कर दिया जाएगा। तय की गई योजना के अनुसार अगले एक वर्ष में यह भवन स्थापित कर दिया जाएगा, जिसके साथ ही इसे अंतिम रुप दे दिया जाएगा।
बच्चों को मिलेेंगे आधुनिक उपकरण
साइंस इनोवेशन हब में हुनरमंद बच्चों के आइडिया को पंख लग पाएंगे। यहां उन्हें आधुनिक उपकरण मिलेंगे तो वहीं उन्हें मार्गदर्शन करने के लिए विशेषज्ञ भी होंगे। यहां तक कि इस हब में फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलॉजी व बॉयो टेक्रोलॉजी की आधुनिक लैब मिल पाएगी। जिससे वे अपने आइडिया को वैज्ञानिक तरीके से क्रियान्वित रुप दे सकेंगे। हब में बच्चों को एनर्जी व हेल्थ को लेकर भी पूर्ण जानकारी प्रोजेक्ट व प्रदर्शनी के माध्यम से मिल पाएगी।
व्यवहारिकता में आएंगे मॉडल
बच्चों द्वारा अपने-अपने स्तर पर विज्ञान से संबंधित तैयार किए जाने वाले मॉडल इस हब के माध्यम से व्यवहारिकता में लाए जाएंगे। जहां बेहतर आइडिया, इनोवेशन व मॉडल को केंद्र सरकार के पास भेजा जाएगा वहीं इन बच्चों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतियोगिताओं में जाने का भी मौका मिल पाएगा।
बच्चों के लिए जल्द तैयार होगा बड़ा प्लेटफॉर्म : राज मेहरोत्रा
कुरुक्षेत्र पैनोरमा एवं विज्ञान केंद्र के क्यूरेटर राज मेहरोत्रा का कहना है कि अगले करीब डेढ़ वर्ष के दौरान ही इनोवेशन हब स्थापित कर लिया जाएगा। प्राथमिक तौर पर केंद्र सरकार ने 2 करोड़ की राशी मंजूर कर ली है जबकि अन्य कार्य योजना को तेज गति से अमल में लाया जा रहा है। यह हब विज्ञान संकाय से जुड़े बच्चों के लिए बड़ा प्लेटफॉर्म होगा, जहां से बच्चों द्वारा की गई बेहतर इनोवेशन को पेटेंट के लिए भी भेजा जाएगा। यह हब बच्चों में विज्ञान केे प्रति रुचि पैदा करने में कारगर साबित होगा।