लाडवा। गोबिंदगढ़ गांव में रविवार सुबह एक परिवार में मातम छा गया। बिस्तर पर सो रहे सरपंच के 12 साल के पोते तनीश को कोबरा सांप ने काट लिया। तनीश रात को अपने दादा के साथ सोया था। सांप के काटने पर उसे तेज दर्द हुआ और उल्टी भी की। परिजनों को लगा कि उसकी तबीयत खराब हुई है, सांप का पता नहीं चला। दर्द कम होने पर तनीश दोबारा सो गया, जो उसकी आखिरी नींद साबित हुई। सुबह पिता ओम प्रकाश ने उसे जगाया पर शरीर में कोई हलचल नहीं थी। उसके पैर पर सांप के डसने के निशान मिले। बिस्तर के अंदर करीब तीन फीट लंबा काला कोबरा बैठा था। परिजनों ने तनीश को लाडवा के नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गांव में पसरा मातम, मां का रो-रोकर बुरा हाल
सरपंच पूजा देवी के पति जिले सिंह ने बताया कि तनीश उनके भतीजे ओम प्रकाश का मंझला बेटा था। वह अपनी बड़ी बहन शिवानी से छोटा और छोटे भाई अनीश से बड़ा था। पढ़ाई में होनहार और मिलनसार स्वभाव का तनीश पूरे परिवार का दुलारा था।
अचानक हुए इस हादसे ने हंसते-खेलते परिवार को कभी न भूलने वाला जख्म दिया है। तनीश की मां सोमा देवी बार-बार बेसुध होती रही हैं। सरपंच के पोते की इस तरह दर्दनाक मौत की खबर फैलते ही पूरे गांव में चूल्हे तक नहीं जले।