लाडवा विधायक डॉ. पवन सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने विकास रैली के माध्यम से करीब 200 करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाने की घोषणा की थी। इस घोषणा के बाद विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। विधायक बाबैन खंड के गांव झंडौला, टाटका, कंदोली में सरस्वती नदी पर बनने वाले पुलों के कार्य की शुभारंभ अवसर पर पर ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि सरस्वती नदी का लाडवा विधानसभा क्षेत्र में करीब 45 किलोमीटर का क्षेत्र आता है। इस क्षेत्र में राज्य सरकार द्वारा लोगों की सुविधा के लिए पुल बनाए जाने प्रस्तावित है। इसी कड़ी में सोमवार को तीन गांवों के पुलों के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। एक पुल को बनाने पर करीब 35 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा सरस्वती नदी के विस्तार के लिए करीब 5 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने लाडवा विधानसभा क्षेत्र में भी करोड़ों रुपये के विकास कार्य करवाए है। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनी और इन समस्याओं को शीघ्र दूर करवाने का आश्वासन भी दिया।
मौके पर जिला परिषद की उपाध्यक्ष परमजीत कौर, मंडल प्रधान बाबैन सुरेश कश्यप, विकाश शर्मा जालखेडी, सतबीर मंगौली, सोम सैनी, टाटका की सरपंच के पति विक्रम, झण्डोला की सरपंच के पति राजेश कुमार, कंदोली की सरपंच के पति बलदेव सिंह, एक्सईन सिंचाई विभाग जितेंद्र गोस्वामी, सुरेश सैनी, विश्वजीत बिंदल, प्रंदीप भूखडी, आश कुमार आदि मौजूद थे।