चीका रोड स्थित एक ईट भट्ठे पर पानी के टैंक की दीवार गिरने से पांच वर्षीय बच्चा गंभीर से रुप से घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए चीका के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। कराह साहिब चौकी के हेड कांस्टेबल तेजबीर ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव दिवाना स्थित एक ईंट भट्ठे पर बने पानी के टैंक की दीवार गिरने से एक पांच वर्षीय बच्चा घायल हो गया।
सूचना मिलते ही वे तुरंत मौके पर पहुंच गए। जहां भट्ठे पर काम करने वाले शिवजी ने बताया कि पानी के लिए टैंक बनाया था। आज वह उसमें पानी भर रहा था और उसका पांच वर्षीय बेटा आशीष भी उसके साथ खड़ा था। अचानक टैंक की दीवार गिर गई और उसका बेटा आशीष दीवार की चपेट में आ गया। जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गया।