बाबैन। क्षेत्र के धार्मिक वातावरण में उस समय विशेष उत्साह देखने को मिला जब संत मंदीप दास सिरसगढ़ का आगमन हुआ। उनके स्वागत के लिए श्री गुरु रविदास प्रबंधक कमेटी बाबैन की ओर से भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संत के आगमन पर ढोल-नगाड़ों की गूंज और फूल मालाओं की वर्षा के बीच श्रद्धालुओं ने गर्मजोशी से उनका अभिनंदन किया। कमेटी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने संत मंदीप दास को मालाएं पहनाकर और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ स्वागत किया। भक्तों ने जयकारों के साथ वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इस अवसर पर बाबैन के सरपंच संजीव सिंगला गोल्डी के भाई अश्वनी सिंगला तथा समाजसेवी अमित बिंदल गुल्लू ने संत को बुक्का भेंट कर सम्मान प्रकट किया।
उन्होंने संयुक्त रूप से कहा कि संत महापुरुषों का आशीर्वाद समाज के लिए प्रेरणादायक होता है और उनके विचारों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने भी बढ़-चढक़र भाग लिया और संत मंदीप दास जी महाराज का फूलमालाओं से स्वागत किया। महिलाओं ने भजन-कीर्तन के माध्यम से श्रद्धा अर्पित की, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
इस अवसर पर खीर का प्रसाद वितरित किया गया जिसमें उपस्थित श्रद्धालुओं के अलावा भारी संख्या में आने जाने वाले लोगों ने ग्रहण किया।
इस अवसर पर श्री गुरु रविदास प्रबंधक कमेटी के प्रधान बरखा राम, अमर सिंह नंबरदार,राम ऋषि सैनी, राम कुमार सैनी, कर्म चंद, जय सिंह रंगा, बलविंद्र रंगा, अमर सिंह रंगा, श्रवण कुमार, लज्जा राम व भारी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।