कुरुक्षेत्र। सीबीएसई 10वीं का परिणाम घोषित कर दिया गया है। परिणाम देखने के बाद छात्र खुशी से झूम उठे। इस बार भी कई छात्रों ने अपने स्कूल और जिले का नाम रोशन किया है। महाराणा प्रताप पब्लिक स्कूल, कुरुक्षेत्र की छात्रा समरीन कौर ने 99.4% अंक लेकर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। आरव अग्रवाल ने 99 प्रतिशत अंक, जबकि छात्रा आर्ची ने 98.4 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। 98.4 प्रतिशत अंकों के साथ चिराग चौधरी गुरुकुल टॉपर बना। वहीं अग्रसेन पब्लिक स्कूल की अर्शिया गोयल ने 98.2 प्रतिशत अंक लेकर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। अवनि ने 97.8 अंक, आरुष भारद्वाज, अगम गुप्ता और रूद्र ने 97.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर नाम रोशन किया।
परिणाम घोषित होते ही अभिभावकों में खुशी का माहौल देखने को मिला। स्कूलों में विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर उनका स्वागत किया गया। शाम को जैसे ही परिणाम जारी हुआ, छात्र और शिक्षक अपने स्तर पर परिणाम देखने में जुट गए और इसके बाद विद्यार्थियों को उनके परिणाम की जानकारी दी गई।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की ओर से घोषित कक्षा दसवीं के परीक्षा परिणामों में गीता विद्यालय, कुरुक्षेत्र के विद्यार्थियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। विद्यालय से इस वर्ष कुल 157 छात्र परीक्षा में सम्मिलित हुए। इनमें से अधिकतर ने उत्कृष्ट अंक प्राप्त किए।
विद्यालय की प्रावीण्य सूची में आदित्य गर्ग ने 90 प्रतिशत अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। चिराग ने 87 प्रतिशत अंक लेकर द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि दिवांशु ने 82प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान अर्जित किया।
अग्रसेन पब्लिक स्कूल की प्राचार्य रीटा गोयल ने बताया कि परिणाम देखकर विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे और विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा। कुछ छात्र भावुक हो गए।