संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। सैनी समाज सभा कुरुक्षेत्र के त्रि-वार्षिक चुनाव के लिए तय समय सारिणी के अनुसार रविवार को कॉलेजियम चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया का अंतिम दिन रहा। दो दिन में कॉलेजियम चुनाव के लिए कुल 168 आवेदन आए।
रविवार को सैनी समाज सभा में प्रदेशभर से सभा के सदस्य जुटे और नामांकन किया। नामांकन प्रक्रिया थमने के साथ ही अब आवेदन करने वाले सदस्य अपने-अपने वार्ड में जीत के लिए जोड़तोड़ में जुट गए हैं। वार्डों में प्रत्याशियों के बीच सहमति बनाने के भी प्रयास शुरू हो गए हैं।
चुनाव अधिकारी एमसी हालू ने बताया कि सैनी समाज सभा के कॉलेजियम चुनाव के लिए तय शेड्यूल अनुसार पांच व छह अप्रैल का दिन नामांकन के लिए निर्धारित था। दो दिन में कुल 168 आवेदन 127 कॉलेजियम के लिए आए हैं। सभा के 2780 सदस्य हैं, इनमें से 127 कॉलेजियम का चुनाव होना है। 21 मार्च से शेड्यूल के अनुसार प्रक्रिया शुरू हुई थी। सोमवार सात अप्रैल को नामांकन पर सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक ऑब्जेक्शन लिए जाएंगे। जबकि आठ अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच होगी।
13 अप्रैल का दिन नामांकन वापस लेने और जिन वार्डों में सहमति नहीं बनेगी। उनके लिए उसी दिन शाम को उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। 14 अप्रैल को कॉलेजियम सदस्य के प्रत्याशियों की फाइनल सूची सभा के नोटिस बोर्ड पर चस्पा कर दी जाएगी।
20 अप्रैल को कॉलेजियम चुनाव के लिए वोटिंग होगी। उसी दिन शाम को रिजल्ट घोषित होगा। 21 अप्रैल को निर्वाचित 127 कॉलेजियम की सूची नोटिस बोर्ड में लगा दी जाएगी। इसके बाद प्रधान सहित अन्य पदों के लिए नामांकन 27 अप्रैल को होगा। नामांकन वापस व चुनाव चिह्न आवंटन 30 अप्रैल को होगा। जबकि प्रधान सहित अन्य पदों के लिए मतदान व परिणाम चार मई को होगा।