जाट आरक्षण को लेकर बयान देकर सुर्खियों में रहने वाले कुरुक्षेत्र सांसद राजकुमार सैनी की सद्भावना रैली सोमवार को सुबह 11 बजे से शुरू होगी। सांसद ने रैली में करीब पांच लाख लोगों के आने का दावा किया है। रैली से राजकुमार सैनी की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी हुई है। इस आयोजन पर राज्य सरकार के अलावा भाजपा आलाकमान और दूसरे समाज के लोगों की निगाहें हैं।
लोकतंत्र सुरक्षा मंच के बैनर तले सोमवार को होने वाली रैली के लिए सांसद ने पूरी ताकत झोंक दी है। जाट आंदोलन के बाद सांसद सैनी ने ही लोकतंत्र सुरक्षा मंच बनाया था। इस मंच के तहत कुुरुक्षेत्र में यह पहली रैली है। भाजपा के लोग विभिन्न मंचों से रैली से दूरी रखने की बात कह चुके हैं और सांसद ने पांच लाख लोगों के रैली में जुटने का दावा किया है। इससे उनकी प्रतिष्ठा भी रैली से जुड़ गई है। सैनी की मानें तो यह रैली न केवल ऐतिहासिक होगी बल्कि सामाजिक न्याय का बिगुल बजाने में भी सक्षम होगी। बता दें कि जाट आरक्षण आंदोलन के दौर से लेकर अभी तक सांसद सैनी इस आरक्षण का कड़ा विरोध जता रहे हैं तो वहीं पिछड़ा वर्ग को एकजुट होने का आह्वान भी कर रहे है। लोग इस रैली में सांसद सैनी की ओर से कोई बड़ा एलान किए जाने की भी संभावना जता रहे हैं, लेकिन सांसद का कहना है कि रैली में आने वाली लोगों की संख्या तय करेगी कि अगली रणनीति क्या होगी।
राजकुमार सैनी ने रैली स्थल का निरीक्षण किया
सांसद सैनी ने रविवार को रैली स्थल पर तैयारियों का जायजा लिया और कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इस दौरान उन्होंने कहा कि रैली की सभी तैयारियां पूूरी हो चुकी है और इसमें उम्मीद से भी अधिक भीड़ उमड़ेगी।
नहीं होगा भारत बंद का असर
सांसद सैनी ने कहा कि विपक्ष भारत बंद के नाम पर लोगों को गुमराह कर रहा है, जिसका कहीं कोई असर नहीं होगा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग इस बंद की आड़ में लूटपाट और तोड़फोड़ के साथ निर्दोष जनता को तंग कर सकते हैं। सैनी ने रैली पर इसका असर न होने का दावा करते हुए रैली में शामिल होने वाले लोगों से अपील कि की वे रैली को बिगाड़ने की कुचेष्टा करने वाले शरारती तत्वों को दरकिनार कर अपनी शालीनता का परिचय दें। सैनी ने कहा कि जनता अपनी दुकानों, व्यापार, कारोबारी प्रतिष्ठानों को खुला रखकर इस बंद का जवाब दें। सांसद के अनुसार ड्रोन कैमरों से रैली पर नजर रखी जाएगी।
सांसद ने किया लोकतंत्र सुरक्षा मंच के झंडे का लोकार्र्पण
सांसद सैनी ने रविवार को लोकतंत्र सुरक्षा मंच के झंडे का लोकार्पण किया और कहा कि लोकतंत्र सुरक्षा मंच का उद्देश्य गरीब और कमजोर वर्ग के हितों की सुरक्षा के साथ-साथ राष्ट्र का कल्याण और आम जनता में देशभक्ति का जज्बा जागृत करना है।
आईजी व एसपी ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा
सांसद सैनी की ओर से थीम पार्क में की जाने वाली रैली को लेकर सुरक्षा व्यवस्था का रविवार को करनाल आईजी सुभाष यादव व एसपी सिमरदीप सिंह ने जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद सिटी एसएचओ मलकीत सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारियों को कड़ी निगरानी के आदेश दिए।