शाहाबाद। सांसद नवीन जिंदल की पहल पर ग्रामीण युवाओं को आत्मनिर्भर बनने और उन्हें तकनीकी शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से नवीन जिंदल फाउंडेशन की टीम ने गांव बुहावा, यारा, खरींडवा, जंधेड़ी, छपरा और छपरी जाटान का दौरा किया।
ग्रामीणों और युवाओं को बहलोलपुर गांव स्थित महात्मा ज्योतिबा फुले इंटरनेशनल स्किल सेंटर में प्रवेश प्रक्रिया, उपलब्ध पाठ्यक्रम, आधुनिक तकनीकी सुविधाओं और रोजगार के अवसरों के बारे में जानकारी दी। फाउंडेशन की ओर से कृष्ण सिंह सैनी ने बताया कि सांसद नवीन जिंदल का लक्ष्य है कि ग्रामीण क्षेत्र के युवा भी आधुनिक तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर आत्मनिर्भर बनें। उन्होंने कहा कि योग्य विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति योजना का लाभ दिलाया जाएगा ताकि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्र भी उच्च तकनीकी शिक्षा से वंचित न रहें। साथ ही छात्रों के प्लेसमेंट की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है।
संस्थान में आधुनिक तकनीक आधारित प्रयोगशालाएं (लैब्स) स्थापित की जा रही हैं जिससे छात्र व्यावसायिक रूप से दक्ष बनकर स्थानीय स्तर पर ही बेहतर रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकें। इस अवसर पर सरपंच संजीव कुमार बुहावा, सरपंच संजीव शर्मा जंधेड़ी, अमन सैनी (सरपंच छपरी), रवि (सरपंच छपरा), कुलबीर सैनी (सरपंच यारा), पूर्व सरपंच मांगे राम शर्मा, रिंकू चहल (पूर्व अध्यक्ष ब्लॉक समिति), गंगानंद शर्मा, रामपाल शर्मा (पूर्व सरपंच), मंडल अध्यक्ष सुपार्श्व जैन, यादविंद्र राणा, नरेश कुमार, सरबजीत सिंह और अजैब सिंह मौजूद रहे।