कुरुक्षेत्र। बुलेट मोटरसाइकिल से पटाखे बजाकर गली-मोहल्लों में लोगों को परेशान करना एक युवक को महंगा पड़ गया। थाना सदर थानेसर पुलिस ने शिकायत पर कार्रवाई करते हुए गांव प्रतापगढ़ निवासी युवक को काबू किया। पुलिस ने पटाखे बजाने के लिए इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को इंपाउंड कर दिया और यातायात नियमों के उल्लंघन के संबंध में 40 हजार रुपये का चालान किया।
पुलिस को शिकायत मिली थी कि गांव प्रतापगढ़ निवासी एक युवक गली में बुलेट मोटरसाइकिल से पटाखे बजाकर लोगों को परेशान करता है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए युवक को काबू किया, इसके बाद मोटरसाइकिल को इंपाउंड कर यातायात नियमों के तहत 40 हजार रुपये का चालान किया गया।
अवैध मॉडिफिकेशन करवाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : एसपी
पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन ने कहा कि सड़क और गली-मोहल्ले आमजन की सुविधा और सुरक्षित आवागमन के लिए हैं। बुलेट मोटरसाइकिल में अवैध मॉडिफिकेशन करवाकर पटाखे बजाना, तेज और कर्कश आवाज से लोगों को परेशान करना तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियों से बुजुर्गों, बच्चों, मरीजों और आम नागरिकों को परेशानी होती है। इससे सड़क सुरक्षा भी प्रभावित हो सकती है। उन्होंने युवाओं को चेतावनी दी कि मोटरसाइकिल निर्धारित मानकों के अनुसार चलाएं और ऐसा कोई बदलाव न करवाएं, जिससे ध्वनि प्रदूषण हो या आमजन को परेशानी उठानी पड़े। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।