कुरुक्षेत्र। हरियाणा लोक सेवा आयोग की ओर से पांच जुलाई को जिले में आयोजित होने वाली सहायक जिला न्यायवादी (एडीए) परीक्षा के लिए कुरुक्षेत्र रोडवेज ने कमर कस ली है।
परीक्षा देने आने वाले 10,620 अभ्यर्थियों को समय पर उनके 38 परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने के लिए रोडवेज ने 10 विशेष बसें चलाने का फैसला लिया है। ये बसें 5 जुलाई की सुबह छह बजे से बस अड्डे और रेलवे स्टेशन पर उपलब्ध रहेंगी। परीक्षा को देखते हुए विभाग ने छह मिनी बसें और चार से पांच बड़ी बसें रिजर्व रखी हैं। भीड़भाड़ वाले परीक्षा केंद्रों तक मिनी बसें चलाई जाएंगी जबकि खुले एरिया स्थित परीक्षा केंद्रों पर बड़ी बसें चलेगी। प्रत्येक बस पर संबंधित परीक्षा केंद्र का नाम और केंद्र संख्या अंकित होगी, ताकि अभ्यर्थियों को अपने केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। रोडवेज महाप्रबंधक समिंदर सिंह ने बताया कि विभाग के सभी अधिकारी और कर्मचारी अलर्ट मोड पर रहेंगे। चालकों और परिचालकों को आवश्यक निर्देश दिए जा चुके हैं। विभाग का प्रयास रहेगा कि परिवहन व्यवस्था के कारण किसी भी अभ्यर्थी की परीक्षा न छूटे। परीक्षा सुबह 10 बजे शुरू होगी। अभ्यर्थियों का प्रवेश सुबह 8:30 बजे से 9:50 बजे तक होगा। परीक्षार्थियों को केवल प्रवेश पत्र, पहचान पत्र और पेन साथ ले जाने की अनुमति होगी। मोबाइल फोन, ब्लूटूथ और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्रों में प्रतिबंधित रहेंगे।